किशनगंज : रामपुर चेक पोस्ट पर ट्रक से 1143 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

किशनगंज,15मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार सुबह रामपुर चेक पोस्ट के पास एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कुल 1143 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जबकि ट्रक में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रंजीत कुमार महतो और अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में गठित टीम रामपुर चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक ट्रक को रोका गया। प्रारंभिक जांच में ट्रक खाली प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब उत्पाद कर्मियों ने गहन तलाशी ली तो ट्रक में बनाए गए गुप्त तहखाने से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
उत्पाद विभाग के अनुसार तस्करों ने ट्रक में विशेष रूप से तहखाना बनाकर शराब को छिपाया था, ताकि जांच के दौरान पकड़ में न आए। बरामद शराब और ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



