अपराधगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पूर्णिया : स्कॉर्पियो से 1.224 किलो स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पूर्णिया,12अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, चकमका ओपी (जानकीनगर थाना) क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर/स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1.224 किलोग्राम स्मैक, नकद राशि, आभूषण और स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 11 अप्रैल को चकमका ओपी क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन से स्मैक तस्कर पश्चिम बंगाल से जानकीनगर होते हुए मधेपुरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने इटहरी मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो (रजि. संख्या BR50W5050) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 1.224 किलोग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक बरामद किया गया। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निरंजन कुमार यादव उर्फ बंटी, पिता परमेश्वरी यादव, निवासी डहरिया चकला टोला, वार्ड संख्या-01, थाना छातापुर, जिला सुपौल तथा रंधीर कुमार उर्फ बबलू, पिता अभिनंदन यादव, निवासी बिशनपुर, वार्ड संख्या-07, थाना कुमारखंड, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो वाहन, सोने जैसा एक चेन, दो अंगूठी, बजरंगबली की चकती तथा 6,880 रुपये नकद भी बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस गिरोह के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम, जानकीनगर थाना के थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, चकमका ओपी प्रभारी विवेक कुमार सहित पुलिस बल की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!