ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय अध्यक्ष बने अखिलेश यादव,मुलायम ने पलटा फैसला फिर निकाले गए रामगोपाल यादव…
उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में कल शांत होती लग रही लड़ाई ने आज फिर नया मोड़ ले लिया ।एसपी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अध्यक्ष बनाये जाने समेत सभी पारित प्रस्तावों को अवैध करार देते हुए सम्मेलन के कर्ताधर्ता एसपी महासचिव रामगोपाल यादव को फिर पार्टी से निकाल दिया ।अधिवेशन में एसपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये गये शिवपाल सिंह यादव द्वारा ट्वीट किये गये मुलायम के हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति लिये बगैर बुलाये गये एसपी के राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन में हुए फैसले अवैध हैं।इस कदम के बाद एसपी में एक बार फिर टूट के आसार नजर आ रहे हैं।पत्र के अनुसार पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में इन तमाम फैसलों और तथाकथित राष्ट्रीय अधिवेशन की तमाम कार्यवाही को असंवैधानिक घोषित करते हुए इसकी निंदा की गयी और अधिवेशन के कर्ताधर्ता रामगोपाल यादव को छह साल के लिये पार्टी से निकाले जाने का निर्णय किया गया।बिना लेटर हेड वाले इस पत्र के अनुसार संसदीय बोर्ड की बैठक में एसपी प्रमुख द्वारा गत 28 दिसम्बर को जारी प्रत्याशियों की सूची को अनुमोदित करते हुए बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिये मुलायम को अधिकृत किया गया।खत के मुताबिक संसदीय बोर्ड ने आज के अधिवेशन के बाद फैले भ्रम को दूर करने के लिये आगामी पांच जनवरी को पार्टी का आकस्मिक राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाने का निर्णय भी किया है।इसके पूर्व एसपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश की पार्टी के अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी कर दी गयी,वहीं झगड़े की जड़ माने जा रहे राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह को पार्टी से निकाल दिया गया,जबकि शिवपाल यादव को एसपी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया,एसपी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने राजधानी स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित अधिवेशन में तीन प्रस्ताव पेश किये।पहले पारित प्रस्ताव में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री अखिलेश को एसपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।मंच पर बैठे उन तमाम वरिष्ठ नेताओं ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया,जो कभी मुलायम के करीबी माने जाते थे।







