रघुवंश प्रसाद को श्रद्धांजलि देकर प्रशांत किशोर ने शुरू की जन सुराज यात्रा,

रघुवंश प्रसाद को श्रद्धांजलि देकर प्रशांत किशोर ने शुरू की जन सुराज यात्रा, वैशाली के गांवों में पहुंच कर लोगों को समझाया जन सुराज का मतलब
दिनांक: 30 मई 2022
स्थान: वैशाली
प्रशांत किशोर ने जन सुराज यात्रा की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकप्रिय समाजवादी नेता स्वर्गीय रघुवंश प्रसाद सिंह के पैतृक निवास पहुंच, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की। सोमवार की सुबह 11 बजे प्रशांत किशोर महनार के पानापुर पहेमी गांव में रघुवंश प्रसाद सिंह के घर पहुंच कर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण किया और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। यहां प्रशांत किशोर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया, इसमें कई मुखिया, जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक प्रमुख शामिल थे। मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशांत किशोर का जोरदार स्वागत किया और उनसे जन सुराज की सोच पर चर्चा की। लोगों ने प्रशांत किशोर को जलजमाव जैसे स्थानीय मुद्दों से भी अवगत कराया।
छात्रों के साथ संवाद
एक दूसरे कार्यक्रम में प्रशांत किशोर महनार के बसंतपुर गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने हजारों की संख्या में मौजूद छात्र छात्राओं के साथ संवाद किया और जन सुराज की सोच से अवगत कराया। उत्साहित छात्र-छात्राओं ने भी प्रशांत किशोर का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। कई छात्रों ने प्रशांत किशोर से जन सुराज और बिहार की समस्या को लेकर सवाल भी पूछे। इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अमर कुमार सिंह ने किया। अमर कुमार सिंह छात्रों को फ्री शिक्षा देते हैं।
दिव्यांग जनों के बीच पहुंचे प्रशांत किशोर
एक अन्य कार्यक्रम में प्रशांत किशोर सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के चैनपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्यांग कल्याण संघ के अध्यक्ष जसवीर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान अन्य दिव्यांग जनों और ग्रामीणों ने प्रशांत किशोर का स्वागत किया। प्रशांत ने उनको जन सुराज की सोच से बिहार को विकसित राज्यों के बराबर खड़ा करने की परिकल्पना को विस्तार से समझाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्रशांत किशोर की मुलाकात
वैशाली जिले के अपने दूसरे दिन प्रशांत किशोर ने महुआ प्रखंड के बिराना लखन सेन गांव में पैक्स अध्यक्ष अंशुल कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात में दौरान कई पैक्स अध्यक्ष, मुखिया और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रशांत किशोर ने यहां जन सुराज की सोच और पंचायती राज व्यवस्था में उसकी उपयोगिता पर अपनी बात रखी। इसके बाद वो बिदुपुर प्रखंड के पूर्व प्रमुख ब्रज किशोर से भी मुलाकात की और जन सुराज के मुद्दे पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा ग्रामीण भी मौजूद रहें।
हाजीपुर में भी जारी रहा मुलाकातों का दौर
प्रशांत किशोर ने सोमवार की शाम हाजीपुर में वैशाली रेड क्रॉस के सचिव और स्वर्गीय कन्हैया सामाजिक सेवा संस्थान के संस्थापक सुधीर शुक्ला के नेतृत्व में शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात में कई प्रोफेसर्स, डॉक्टर्स, इंजीनियर्स शामिल हुए और सबसे जन सुराज की सोच को समझने का प्रयास किया। प्रशांत किशोर ने कहा जन सुराज की परिकल्पना के आधार पर बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा किया जा सकता है।



