ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

डीएम ने बादशाही नाला, खानपुर नाला एवं परसा-बरमुता नाला की सफ़ाई कार्य का किया निरीक्षण, बचे हुए कार्य को हर हालत में 7 जून तक पूरा करने का दिया निर्देश…..

जल-निकासी की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम

अतिवृष्टि की स्थिति में सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश

त्रिलोकी नाथ प्रसाद : जिलाधिकारी, पटना डॉ० चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों के साथ खानपुर नाला, परसा बरमुत्ता नाला एवं बादशाही नाला का निरीक्षण किया गया।

बादशाही पईन फुलवारीशरीफ प्रखंड के गोनपुरा से निकलकर पटना सदर प्रखंड के माधोपुर के पास पुनपुन नदी तक कुल 30 किलोमीटर में से लगभग 24 किलोमीटर की अब तक सफाई की जा चुकी है ।डीएम डॉ सिंह ने जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों को शेष बचे हुए 6 किलोमीटर बादशाही पईन को 07 जून 2022 तक सफाई करने का निदेश दिया। उन्होंने इसके लिए मशीन, श्रमिक आदि की संख्या बढ़ाने का निदेश दिया।

निरीक्षण के क्रम में खानपुर नाला पर स्लूईस गेट के पास अस्थायी सम्प हाउस पर 4 बिजली एवं 1 डीजल पम्पसेट पाया गया।बादशाही नाला पर स्लूईस गेट के पास 5 बिजली एवं 2 डीजल पम्पसेट पाया गया। परन्तु दोनों जगह पर बिजली का पैनल बोर्ड अभी नहीं लगा है एवं टेस्टिंग भी नहीं हुयी है। जिलाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, बुडको को तुरंत इसे कराने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने पाया कि दोनों सम्प हाउस के पास शौचालय नहीं होने से कर्मियों को कठिनाई होती है। अतः उन्होंने बुडको के कार्यपालक अभियंता को शौचालय निर्माण हेतु निदेश दिया।

जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कुरकुरी में 2 जगह मछली मारने के क्रम में पईन को अवरूद्ध किया गया है। जिलाधिकारी डॉ० सिंह द्वारा जिला मत्स्य पदाधिकारी को स्वयं भ्रमण कर अवरूद्ध पईन को तुरंत खोलवाने का निदेश दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ० चन्द्रशेखर सिंह द्वारा परसा – बरमुत्ता नाला का भी निरीक्षण किया गया। यह परसा स्टेशन के पास से निकलता है जिसकी लम्बाई 18 किलोमीटर है जो माधोपुर में बादशाही पईन में मिलता है। निरीक्षण के क्रम में सफाई संतोषजनक पायी गयी। विदित हो कि पिछले वर्ष इस नाला की सफाई नहीं होने के कारण परसा, सम्पतचक क्षेत्र में जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हुई थी।

डीएम डॉ. सिंह द्वारा जकरियापुर में पईन की सफाई कर सड़क किनारे रखे गए मलवे को तुरंत हटाने हेतु अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग को निर्देश दिया गया।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि जल-निकासी की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पदाधिकारियों को अतिवृष्टि की स्थिति में सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button