District Adminstrationकिशनगंजज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अंतिम सोमवारी को लेकर डीएम-एसपी ने भूतनाथ मंदिर का किया निरीक्षण

किशनगंज, 24 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सावन माह की अंतिम सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गौशाला स्थित भूतनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, प्रवेश और निकास मार्ग, यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

डीएम ने मंदिर परिसर के अलावा आसपास के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया है।

एसपी संतोष कुमार ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अंतिम सोमवारी को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने का दावा किया है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button