किशनगंज के सांसद की राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट, शेरशावादी महिलाओं का पारंपरिक स्टोल किया भेंट

किशनगंज,26मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद ने बिहार के राज्यपाल सैयद आता हुसैन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने किशनगंज की शेरशावादी महिलाओं द्वारा निर्मित पारंपरिक खेता स्टोल भेंट कर स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
भेंट के दौरान किशनगंज लोकसभा क्षेत्र सहित बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के किशनगंज केंद्र से संबंधित समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ तथा इसके शीघ्र समाधान को लेकर आवश्यक पहल पर सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
सांसद ने कहा कि किशनगंज क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और केंद्र एवं राज्य स्तर पर आवश्यक पहल जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



