नीतीश कुमार की अद्वितीय उपलब्धि को वर्ल्ड बुक आफ रिकाॅर्ड्स ने दिया अंतरराष्ट्रीय दर्जा – राजीव रंजन प्रसाद
कुणाल कुमार/जद (यू0) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि वर्ल्ड बुक आफ रिकाॅर्ड्स द्वारा मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और उनके नाम को वैश्विक सूची में शामिल करने की घोषणा पूरे बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को हार्दिक बधाई दी है।
यह उपलब्धि न केवल राज्य और राष्ट्र के लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय क्षण है, बल्कि यह उस जन-विश्वास का प्रतीक भी है जो बिहार की जनता लगातार उनके सुशासन, पारदर्शिता, विकासोन्मुख नीतियों और प्रशासनिक प्रतिबद्धता पर जताती रही है। वर्ष 1947 से लेकर 2025 तक किसी भी व्यक्ति द्वारा दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना अपने आप में एक रिकाॅर्ड है, और वर्ल्ड बुक आफ रिकाॅर्ड्स द्वारा इसे औपचारिक रूप से मान्यता दिया जाना बिहार के सम्मान और पहचान को नई ऊँचाइयों पर स्थापित करता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का नेतृत्व बिहार को सामाजिक सद्भाव, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन के नए माॅडल की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाता रहा है। उनके कार्यकाल की निरंतरता ने बिहार को स्थिरता, भरोसा और नई ऊर्जा प्रदान की है, जिसकी मिसाल देश के किसी अन्य राज्य में देखने को नहीं मिलती। वर्ल्ड बुक आफ रिकाॅर्ड्स द्वारा भेजा गया पत्र इस बात की पुष्टि करता है कि मुख्यमंत्री जी की कार्यशैली, दूरदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें वैश्विक स्तर पर भी सम्मानित नेतृत्वकर्ताओं की श्रेणी में स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को वैश्विक पटल पर मान्यता देने को लेकर उन्होंने वर्ल्ड बुक आफ रिकाॅर्ड्स का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान बिहार के हर नागरिक का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।
(संजय कुमार सिन्हा)
कार्यालय सचिव

