किशनगंजDistrict Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में महिला संवाद कार्यक्रम ने बढ़ाया महिलाओं का आत्मविश्वास, अब तक 30 हजार से अधिक आकांक्षाएं दर्ज

किशनगंज,12जून(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम के तहत अब तक 30,440 महिलाओं की आकांक्षाएं दर्ज की जा चुकी हैं। यह आकांक्षाएं महिला संवाद मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त की गई हैं और इन्हें संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को अग्रसारित किया जा रहा है ताकि इन पर समयबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिल रही है। वे न सिर्फ अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा कर रही हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपने विकास से जुड़ी आकांक्षाओं को भी सामने रख रही हैं। यह संवाद टोला-गांव समाज के समग्र विकास की दिशा में एक सशक्त मंच के रूप में उभर रहा है।

अब तक जिले के 1110 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम संपन्न हो चुका है, जिसमें 2 लाख 19 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। यह भागीदारी इस कार्यक्रम की सफलता और प्रभावशीलता का प्रमाण है। चरणबद्ध तरीके से इसे 1262 ग्राम संगठनों में आयोजित किया जाना है। किशनगंज सदर प्रखंड के लक्षित सौ ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष छह प्रखंडों में सुबह और शाम की दो पालियों में यह कार्यक्रम लगातार जारी है। गुरुवार को जिले के 20 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सफलता की कहानी बनीं ललिता किस्कू

कोचाधामन प्रखंड के पाटकोईकला पंचायत की ललिता किस्कू ने कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें सतत् जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत सरकार से सहायता राशि मिली, जिससे उन्होंने किराना दुकान शुरू की। आज वे आत्मनिर्भर हैं और दुकान से हुई आमदनी से परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित कर पा रही हैं। ललिता जैसी कई महिलाएं इस कार्यक्रम से प्रेरणा ले रही हैं।

कार्यक्रम में महिलाएं निडरता से अपने सुझाव, विचार और आकांक्षाएं साझा कर रही हैं, जिससे महिला संवाद कार्यक्रम और अधिक विकासोन्मुख एवं उद्देश्यपूर्ण बनता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!