किशनगंज : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

किशनगंज,08मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, कला एवं संस्कृति विभाग तथा महिला एवं बाल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को खगड़ा स्थित खेल भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति समाज को जागरूक करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान करना था।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक नेतृत्व, सामाजिक सेवा और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूपीएससी परीक्षा में सफल होकर जिले का नाम रोशन करने वाली जूही दास को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनकी कड़ी मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, पुलिस सेवा, उद्यमिता और सामाजिक कार्यों सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।
अपर समाहर्ता (आपदा) ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जीविका दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं और परिवारों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) ने कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित और जागरूक बनता है। सरकार द्वारा बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, महिला अधिकार, पोषण और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की समान भागीदारी के बिना समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है।
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका कुमारी गुड्डी और कुमारी निधि ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और स्वरोजगार व उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला मिशन समन्वयक (डीएचईडब्ल्यू), लैंगिक विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका, सेविका-सहायिका, स्वयंसेवी संस्थाओं की प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



