प्रमुख खबरें

*औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग प्रतिनिधियों ने मुजफ्फरपुर के प्रमुख औद्योगिक परिसरों एवं इकाइयों का किया भ्रमण*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना/मुजफ्फरपुर, 14 अगस्त 2026 :* माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन एवं माननीया उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में बिहार में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने तथा राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों एवं विश्वस्तरीय औद्योगिक आधारभूत संरचना से उद्योग जगत को अवगत कराने के उद्देश्य से उद्योग विभाग के एक नई पहल के तहत विभागीय प्रतिनिधिमंडल के द्वारा बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन,  राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग, भारतीय उद्योग परिसंघ (CII ) बिहार चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (BCCI)  तथा लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) के अंतर्गत विकसित मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क (MLFAC), महवल, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर सहित जिले के प्रमुख औद्योगिक परिसरों एवं औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण आयोजित किया गया।

इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य उद्योग प्रतिनिधियों को राज्य में विकसित औद्योगिक आधारभूत संरचना, उपलब्ध सुविधाओं, सफल औद्योगिक इकाइयों तथा निवेश की संभावनाओं से परिचित कराना एवं उन्हें बिहार में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना था।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के अध्यक्ष श्री सुरेश रुगंटा का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर भीमसेरिया, बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष श्री सुभाष कुमार पटवारी सहित बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं
व्यवसायी आयोग के
अन्य प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सर्वप्रथम बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) के अंतर्गत विकसित मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क (MLFAC), महवल, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर का दौरा किया। यहां प्रतिनिधियों को पार्क में उपलब्ध अत्याधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचना, विकसित सुविधाओं, कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश के अवसरों तथा राज्य सरकार द्वारा निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पार्क में उपलब्ध भूखंडों, लॉजिस्टिक सुविधाओं तथा भावी औद्योगिक विकास की संभावनाओं से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।

इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मेगा फूड पार्क, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर का भ्रमण किया। इस दौरान पार्क में संचालित Tiwana Nutrition Global Pvt. Ltd. की उत्पादन सुविधाओं एवं औद्योगिक गतिविधियों का अवलोकन किया गया। प्रतिनिधियों ने उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों, आधुनिक तकनीकों, मूल्य संवर्धन तथा निर्यात की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के अंतिम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने Muzaffarpur Biofuels Pvt. Ltd. की औद्योगिक इकाई का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने इकाई की उत्पादन प्रक्रिया, औद्योगिक संचालन, गुणवत्ता मानकों एवं परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की तथा औद्योगिक गतिविधियों का अवलोकन किया।

उद्योग विभाग, बिहार सरकार के निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता ने कहा कि बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक औद्योगिक आधारभूत संरचना को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के लिए विकसित औद्योगिक पार्क एवं क्लस्टर निवेशकों को बेहतर सुविधाएं तथा अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्यक्ष औद्योगिक भ्रमण से उद्यमियों को बिहार में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, निवेश-अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र एवं संभावनाओं की वास्तविक जानकारी मिलती है, जिससे राज्य में निवेश के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होता है।

इस दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियो ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में विकसित की जा रही औद्योगिक आधारभूत संरचना और उपलब्ध सुविधाएं उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं। इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से उद्योग जगत को बिहार में निवेश की संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलता है और इससे राज्य में नए उद्योग स्थापित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।

इस कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग,प्राधिकार के वरीय अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उद्योग विभाग द्वारा आयोजित यह पहल ‘Invest in Bihar’ अभियान को गति देने, नए निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को सशक्त बनाने तथा राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे उद्योग-अनुकूल प्रयास बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button