ताजा खबरराजनीति

मंत्री के नीतीश को ‘टाइगर’ बताने पर सम्राट चौधरी बोले, अब सर्कस के है ‘टाइगर’, ‘रिंग मास्टर’ लालू

सागर कुमार विशेष संवाददाता 

बिहार में कोई व्यवस्था नहीं,अधिकारी चला रहे सरकार : सम्राट चौधरी

मंत्री के नीतीश को ‘टाइगर’ बताने पर सम्राट चौधरी बोले, अब सर्कस के है ‘टाइगर’, ‘रिंग मास्टर’ लालू

पटना, 10 फरवरी । बिहार विधान परिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नीतीश कुमार को बिहार के एक मंत्री द्वारा ‘टाइगर ‘ बताए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब टाइगर सर्कस वाला हो गया है, जिसके रिंग मास्टर लालू प्रसाद है, जो सिंगापुर से जैसा कहते है टाइगर वैसा करते है।

पटना स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में अब कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जिस सरकार में हत्यारे, दुष्कर्मी, गुंडे मंत्री बन जाए, उससे क्या उम्मीद की जाए।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जहां अफसरशाही है वहां ऐसी ही व्यवस्था रहेगी। सरकार अफसर चला रहे।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विषय में जो नहीं जानते वे कुछ भी बोल सकते हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस ऐसा संगठन है जो छुआछूत के खिलाफ काम किया और नीचे तबके तक जाकर किसी भी स्थिति में जाकर कल्याण का काम किया।

अडानी समूह से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में श्री चौधरी ने कहा कि अडानी समूह ने राजस्थान में जहां कांग्रेस की सरकार है वहां 65 हजार करोड़ निवेश किया। इसके अलावा केरल में जहां सीपीएम और कांग्रेस की सरकार है और महाराष्ट्र में तब जब वहां यूपीए की सरकार थी, तब निवेश किया। लेकिन यह कोई नहीं पूछ रहा कि वहां कैसे इतना बड़ा निवेश हुआ।

भाजपा नेता और विधान पार्षद श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2013 के बाद वे सत्ता बचाने वाले सीएम रह गए हैं। राजनीति और सामाजिक तौर पर बिहार में व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। आम लोग के अलावा अधिकारियों को भी उनपर विश्वास नहीं रहा, कि कब पलटी मार देंगे।

उन्होंने कहा कि 2005 में कैसा सुशासन था, याद कीजिए। आज राजधानी पटना में पिछले एक सप्ताह में 15 से अधिक लोगों की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में सबसे बड़े सामंती लालू और नीतीश कुमार हैं जो पिछले 33 साल सर बिहार को लूट रहे हैं।

उन्होंने बिहार की जनता को समझदार बताते हुए कहा कि जनता यह समझ चुकी है कि लालू और नीतीश को राजनीति रूप से समाप्त करने का समय आ गया है।

उन्होंने दो आईपीएस अधिकारियों के बीच मचे घमासान के विषय में पूछे जाने पर कहा कि हाई लेवल कमिटी से इस मामले की जांच कराकर तुरंत कारवाई करनी चाहिए। डीजीपी को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।

Related Articles

Back to top button