
भारती मिश्रा
रांची: मणिपुर के मामले पर मंगलवार को इंडिया के घटक दल राजभवन के सामने धरना पर बैठे। साथ ही एनडीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना पर बैठे घटक दल ने कहा कि मणिपुर महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया,उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया,आगजनी की गई है। इस घटना को रोकने में मणिपुर की भाजपा की सरकार के साथ साथ केंद्र सरकार फेल हो रही है। मणिपुर की सरकार को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए और वहां पर राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को शर्मसार करने का काम किया है। भाजपा के शासनकाल में महिलाओं के प्रति हिंसा बढ़ी है।
महिला हिंसा की घटना झारखंड में होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराध की घटना पूरे देश में हो रही है। लेकिन मणिपुर की घटना इससे अलग है। मणिपुर में महिला अत्याचार की घटना हो रही है।
युवा राजद के अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि मणिपुर के मुद्दे पर आज हमलोग धरना पर बैठे हैं। पीएम मोदी बेटी बचाओ,रोजगार देने की बात करते हैं ।लेकिन करते कुछ नहीं है। इंडिया गठबंधन के घटक दल एक जुट है और 24 में इनकी विदाई तय है।
मासस के अरूप चटर्जी ने कहा कि मणिपुर में कई हजार लोग बेघर हो गए,हजारों लोगों की जान चली गई। यह तमाम चीजें से मणिपुर जल रही है। मणिपुर में केंद्र सरकार का खुफिया तंत्र फेल है। घटना को रोकने में विफल है। राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त करे। राज्य के सभी जनता को विश्वास में लेकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 24 आने वाली है,इंडिया घटक दल एक जुट होने पर एनडीए की सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
जेडीयू के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार को महिलाओं की इज्जत से कोई सरोकार नहीं है। मणिपुर की घटना से यह साफ जाहिर हो गया है की भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है। भाजपा सिर्फ झूठ की राजनीति करती है। मणिपुर की घटना पूरे देश की जनता देख रही है और आने वाले 24 में जनता इनको बाहर का रास्ता दिखाएगी ।