किशनगंज : घर से समान खरीदने गई युवती रास्ता भटककर पहुंची किशनगंज, सदर पुलि

किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना पुलिस ने घर से भटक कर किशनगंज पहुंची युवती को सकुशल बरामद कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। आपको मालूम हो कि 24 घंटे से गायब युवती को सकुशल बरामद होने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू उमड़ पड़े। जानकारी के अनुसार बहादुरगंज थाना क्षेत्र के मुस्तफागंज खाड़ीबस्ती निवासी सोनम प्रवीण सोमवार संध्या को जरूरी सामान की खरीदारी करने के लिए बाजार गई थी। लेकिन रास्ता भटक कर वह किशनगंज पहुंच गई। लहरा चौक के निकट उसे बदहवास भटकता देख कुछ मनचले उसके पीछे पड़ गए। लेकिन एक सज्जन व्यक्ति ने उसे अपने संरक्षण में लेकर सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और युवती को थाना लाया गया। जहां पूछताछ के दौरान युवती ने अपनी आपबीती सुनाई। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता के परिजनों से संबंध स्थापित कर उसे सकुशल हवाले कर दिया। युवती के परिजनों ने पुलिस का आभार प्रकट किया।



