केंद्र सरकार आकलन के अनुसार समय पर खाद आपूर्ति सुनिश्चित करे : राजीव रंजन सिंह ललन

सागर कुमार विशेष संवाददाता
केंद्र सरकार आकलन के अनुसार समय पर खाद आपूर्ति सुनिश्चित करे : राजीव रंजन सिंह
बिहार को अक्टूबर से फरवरी तक मात्र 86 प्रतिशत यूरिया आपूर्ति की गयी
10 फरवरी 2023, पटना।
जनता दल (यूनाईटेड) के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद श्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन जी’ ने आज लोकसभा में बिहार को कम खाद आपूर्ति किये जाने का मामला उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार अपने आकलन के अनुसार समय पर इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि कृषि प्रधान राज्य बिहार के किसानों को समय पर खाद मिल सके, उन्हें दिक्कत न हो, उनका पैदावार ढ़ंग से हो सके। क्योंकि बिहार की अर्थव्यवस्था पूर्णतः कृषि आधारित है।
श्री सिंह ने खाद आवंटन में भारत सरकार की गलत नीति की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए आज लोकसभा में कहा कि इस वर्ष रब्बी के मौसम में भारत सरकार ने बिहार के लिए 12.70 मैट्रिक टन यूरिया का आकलन किया था। अक्टूबर से फरवरी तक यूरिया खाद की अधिक आवश्यकता है, क्योंकि वह सर्वाधिक आवश्यकता का समय है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस अवधि में आकलन किए गए मात्रा का मात्र 86 प्रतिशत आपूर्ति ही किया गया। 14 प्रतिशत कम आपूर्ति होने के चलते पूरे बिहार में अफरा-तफरा की स्थिति बन गयी। इससे फसल की उत्पादकता प्रभावित होती है, सीधे-सीधे किसान इससे प्रभावित होते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग किया कि रब्बी का मौसम हो या खरीफ का मौसम हो, आंकलन किए गए मात्रा के अनुसार समय पर आवंटन सुनिश्चित किया जाए। तभी समय पर किसानों को खाद मिल सकेगा और पैदावार प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि चूँकि खाद पूरे तौर पर केंद्र सरकार के हाथ में है और इसमें राज्य सरकार कुछ नहीं कर सकती।
