किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : डबल डाला लगे दो बालू लदे ट्रैक्टर ग्रामीणों ने पकड़े, पुलिस को सौंपा

किशनगंज, 23 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पोठिया थाना क्षेत्र के दक्षिण फुलहरा गांव में अवैध बालू खनन और परिवहन से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए बालू लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों ट्रैक्टरों में कथित तौर पर नियमों के विरुद्ध डबल डाला लगाकर बालू का परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन और ओवरलोड ट्रैक्टरों की आवाजाही जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बालू लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। वहीं, तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लगातार शोरगुल और दिन-रात ट्रैक्टरों की आवाजाही से ग्रामीणों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी समय से नाराजगी थी।बुधवार को जैसे ही बालू से लदे दो ट्रैक्टर दक्षिण फुलहरा गांव की ओर पहुंचे, ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर रोक लिया। जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों में डबल डाला लगा हुआ पाया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पोठिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कैप्टन संजय पांडे को दी।

सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर पोठिया थाना ले आई। मामले की जानकारी जिला खनन विभाग को भी दी गई है।

पुलिस के अनुसार, अवैध बालू खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के संबंध में खनन विभाग द्वारा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में जुर्माना एवं प्राथमिकी की प्रक्रिया विभागीय जांच के बाद तय होगी। क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button