किशनगंजDistrict Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज: महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 19,663 आकांक्षाएं दर्ज, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम बना उद्देश्यपूर्ण

गांव और समाज के विकास के लिए महिलाएं उठा रही हैं ठोस मुद्दे

किशनगंज,25मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के सातों प्रखंडों में आयोजित हो रहे महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 19,663 आकांक्षाएं दर्ज की जा चुकी हैं। मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जा रही ये आकांक्षाएं संबंधित विभागों तक भेजी जा रही हैं, ताकि उन पर आगे कार्य किया जा सके।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की बढ़-चढ़ कर भागीदारी इसे एक उद्देश्यपूर्ण और प्रभावी मंच बना रही है। महिलाएं खुलकर अपनी बातें साझा कर रही हैं और अपने गांव, समाज और जीवन से जुड़े अहम मुद्दों पर सुझाव दे रही हैं।

टेढ़ागाछ प्रखंड के खनियाबाद पंचायत की कमला देवी ने किसानों के लिए अनाज भंडारण केंद्र की आवश्यकता जताई, जिससे किसानों को अनाज सुरक्षित रखने और सही समय पर बेहतर मूल्य पर बिक्री की सुविधा मिल सके।

ठाकुरगंज प्रखंड के भातगांव पंचायत की महिलाओं ने टोला और मुख्य सड़कों पर सोलर लाइट लगाने की मांग की, ताकि रात्रि में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पोठिया प्रखंड की महासरी बेगम (शीतलपुर पंचायत) ने सार्वजनिक स्थानों पर बड़े पेड़ों के नीचे बैठने के लिए चबूतरा और चापाकल की व्यवस्था करने की बात कही। वहीं, जहांगीरपुर पंचायत की रोजी बेगम ने सिंचाई सुविधा, निर्बाध बिजली और मोटर पंप जैसी उपकरणों की उपलब्धता की आकांक्षा जताई।

कोचाधामन प्रखंड के काठामाठा पंचायत की नुसरत परवीन ने स्वास्थ्य केंद्रों पर महिला चिकित्सकों की मौजूदगी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को इलाज में काफी सुविधा होगी।

जिले के सभी सात प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें ग्राम संगठन की महिलाएं भाग ले रही हैं। कार्यक्रम न केवल महिलाओं को सशक्त बना रहा है, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में उनकी भागीदारी को भी सुदृढ़ कर रहा है।

यह कार्यक्रम सरकार और समाज के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है, जिसकी बदौलत महिलाओं की आवाज़ अब नीति निर्माण तक पहुँच रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!