महिला सशक्तिकरण पर चुप्पी, भ्रष्टाचार पर बयानबाजी-आरजेडी की दोहरी राजनीति उजागर – जद (यू0)

मुकेश कुमार/जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा एवं पार्टी मीडिया पैनलिस्ट श्री किशोर कुणाल ने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद इन दिनों एक सोची-समझी और भ्रामक नैरेटिव गढ़ने में लगा हुआ है। जब-जब आरजेडी के नेताओं और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आते हैं, तब-तब वे जवाब देने के बजाय यह कहकर बचने की कोशिश करते हैं कि ‘‘आपको जो काम मिला है, वो करिए।’’ साफ है कि यह बयानबाजी जनता का ध्यान अपने भ्रष्टाचार से भटकाने की हताश कोशिश के अलावा कुछ नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रही है। शासन चलाना, विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना और जनता को लाभ पहुंचाना सरकार का काम है, और वह काम पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है। लेकिन इसके साथ-साथ यह भी सरकार और सत्ताधारी गठबंधन की जिम्मेदारी है कि भ्रष्टाचार, लूट और जनता के पैसे की बर्बादी करने वालों का पर्दाफाश किया जाए। आरजेडी चाहे जितना भी शोर मचाए, उसके पापों का उद्भेदन होता रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की सरकार ने विकास और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐसे काम किए हैं जो देश के लिए उदाहरण बन रहे हैं। महिला रोजगार योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को सूचीबद्ध कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। महिला उद्यमी योजना के माध्यम से महिलाओं को उद्यम से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे रोजगार देने वाली बन रही हैं, न कि सिर्फ रोजगार मांगने वाली। यह मॉडल पूरे देश में मिसाल बन रहा है, लेकिन आरजेडी को इन सकारात्मक प्रयासों पर बोलने के बजाय केवल अपनी सफाई में बयान देने की फुर्सत है।
आरजेडी से कुछ अहम सवाल:-
1. आरजेडी यह बताए कि जब उसके नेताओं और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते हैं, तब जवाब देने के बजाय ‘‘आप अपना काम करिए’’ कहना क्या भ्रष्टाचार के आरोपों से भागने का नया राजनीतिक फाॅर्मूला है?
2. क्या आरजेडी यह मान चुकी है कि उसके पास अपने ऊपर लगे घोटालों और अनियमितताओं का कोई ठोस जवाब नहीं है, इसलिए वह जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे जुमलों का सहारा ले रही है?
3. आरजेडी यह स्पष्ट करे कि महिला रोजगार योजना और महिला उद्यमी योजना जैसी ऐतिहासिक पहलों पर उसका क्या स्टैंड है? क्या उनके शासनकाल के दौरान महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसी योजना चलाई गई थी?
आरजेडी को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए। जनता को भ्रमित करने की बजाए राष्ट्रीय जनता दल को अपने भ्रष्टाचार की सच्चाई जनता को बतानी चाहिए।
