किशनगंज : गणतंत्र दिवस समारोह–2026 के सफल आयोजन को लेकर समीक्षात्मक बैठक संपन्न

किशनगंज,22जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आगामी गणतंत्र दिवस समारोह–2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े सभी एजेंडावार बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों, शहर की साफ-सफाई, झंडोत्तोलन कार्यक्रम, पायलटिंग व्यवस्था, मंच एवं पंडाल की साज-सज्जा, राष्ट्रीय ध्वज की व्यवस्था, परेड, झांकियों का प्रदर्शन, राष्ट्रगान, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुरस्कार वितरण, उद्घोषणा व्यवस्था, भाषण का प्रारूप तथा महादलित टोलों में झंडोत्तोलन सहित सभी आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य झंडोत्तोलन समारोह शहीद अशफाकउल्लाह खां (खगड़ा) स्टेडियम में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। जिला नजारत उप समाहर्ता, किशनगंज को निर्देश दिया गया कि स्टेडियम में मंच, पंडाल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार को सौंपी गई। उन्हें विभागवार, नामवार एवं पुरस्कारवार सामग्री को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान पात्र व्यक्तियों को सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से पुरस्कार प्रदान किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को शहर में साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को समय पर सूची तैयार कर जिला सामान्य प्रशाखा के प्रभारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में झांकी प्रदर्शन समिति द्वारा जानकारी दी गई कि इस वर्ष लगभग 13 विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि झांकियों से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और किसी भी कार्य को अंतिम समय तक लंबित न रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने 26 जनवरी के अवसर पर जिले में सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने झंडोत्तोलन कार्यक्रम, परेड अभ्यास, विभिन्न स्थलों के लिए परेड दलों के विभाजन तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त परेड अभ्यास कराने से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण), डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



