किशनगंजप्रमुख खबरेंबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

प्रधानमंत्री ने पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली उड़ान को दिखाई हरी झंडी, चार ट्रेनों को भी किया रवाना

गरीब महिलाओं को सौंपी गई आवास की चाबी, विपक्ष पर भी साधा निशाना

पूर्णिया,15सितंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाकर ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने एक वंदे भारत और तीन अमृत भारत ट्रेनों को भी रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य जनसभा में प्रधानमंत्री ने सीमांचल के विकास को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गरीब महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत घर की चाबी भी सौंपी। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने मैथिली में करते हुए जनभावनाओं का सम्मान किया और कोलकाता कार्यक्रम के चलते पूर्णिया आने में देरी पर क्षमा भी मांगी।

विपक्ष पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर करारा प्रहार करते हुए कहा, “इन पार्टियों से न केवल बिहार के सम्मान को खतरा है, बल्कि राज्य की पहचान और सुरक्षा भी खतरे में है। ये लोग वोटबैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं। ये बिहार के संसाधन और सुरक्षा दोनों को दांव पर लगा रहे हैं।”उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र को आरजेडी-कांग्रेस के कुशासन का सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। “देश के विकास के लिए बिहार का विकास और बिहार के लिए सीमांचल का विकास जरूरी है,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

महिलाओं के सशक्तिकरण का किया ज़िक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब बिहार में हत्या, लूट और बलात्कार आम बात थी। लेकिन अब वही माताएं-बहनें “लखपति दीदी” और “ड्रोन दीदी” बन रही हैं। उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का काम कर रही है।

नीतीश कुमार ने मानी पहले की गलतियां

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से प्रधानमंत्री मोदी के सामने स्वीकार किया कि “बीच में कुछ गड़बड़ हो गया था। पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। हमारी पार्टी के कुछ नेताओं ने भी गड़बड़ की थी। लेकिन अब मेरे इधर-उधर जाने का सवाल ही नहीं उठता।”इस मौके पर पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली उड़ान की शुरुआत, एक वंदे भारत और तीन अमृत भारत ट्रेनों को रवाना कर प्रधानमंत्री ने सीमांचल के विकास की नई इबारत लिखी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!