किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज: यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस सख्त, 17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया

हेलमेट अनिवार्य, ट्रिपल लोडिंग पर रोक, यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान तेज

किशनगंज,25मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले में यातायात पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त रुख अपनाया गया है। यातायात थानाध्यक्ष धन प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि नियम सभी के लिए समान हैं और किसी को भी उल्लंघन करने की छूट नहीं दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि बाइक चालकों को हेलमेट पहनना न सिर्फ कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि यह उनकी अपनी सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। ट्रिपल लोडिंग बाइक चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में सीधे जुर्माना लगाया जा रहा है।

पिछले ढाई महीनों (मार्च, अप्रैल से 22 मई तक) में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में की गई है, जिसमें बिना हेलमेट, नो पार्किंग, बिना इंश्योरेंस वाहन चलाना और अन्य नियमों का उल्लंघन शामिल है।

यातायात पुलिस अब चालान काटने के लिए हैंड हेल्ड डिवाइस का उपयोग कर रही है, जिससे कार्रवाई में पारदर्शिता और गति दोनों आई है। फिलहाल यह व्यवस्था सदर थाना, ठाकुरगंज थाना, बहादुरगंज थाना, कोचाधामन थाना और यातायात थाना में लागू की गई है।

इसके साथ ही शहर में अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया जा रहा है। अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था बाधित होती है, जिसे सुधारने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

थानाध्यक्ष धन प्रसाद ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और किसी प्रकार का जुर्माना भी नहीं लगेगा। जिला प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button