किशनगंज,16फरवरी(के.स.)। फरीद अहमद, जिले के सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत झाटीबाड़ी के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए सामान की बरामदगी भी कर ली है।
पुलिस के अनुसार सुखानी थाना कांड संख्या 08/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत 5 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया था। वादी रविन्द्र कुमार ठाकुर (27 वर्ष), पिता अशोक लाउर, निवासी ग्राम बेर्नाना, थाना रानीगंज, जिला अररिया ने अपने लिखित आवेदन में बताया था कि झाटीबाड़ी के समीप तीन अज्ञात अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को रस्सी लगाकर जबरन रोक लिया और उनका बैग छीनकर मोटरसाइकिल से हाईवे की ओर फरार हो गए।
लूटे गए बैग में एक सैमसंग टैब, एक मॉर्फो डिवाइस एवं एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। मामले के अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कांड के अप्राथमिक अभियुक्त निहार बाबू (24 वर्ष), पिता जाहिदुल रहमान, निवासी अमलझाड़ी वार्ड संख्या-01, थाना पाठामारी, जिला किशनगंज को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (R15) के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि लूटे गए सैमसंग टैब एवं मोबाइल फोन की बरामदगी 6 फरवरी 2026 को ही अभियुक्त के घर से विधिवत रूप से की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में ठाकुरगंज थाना मामला दर्ज है।
पुलिस अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पकड़े गए अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कांड का अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 किशनगंज मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी सहित पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल रहे।



