अपराधताजा खबरप्रमुख खबरेंब्रेकिंग न्यूज़राज्य

अररिया : रानीगंज में हुए सीएसपी संचालक लूट कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

इस कांड को लेकर टीम गठित की गई थी, उन सभी पदाधिकारियों को सम्मानित करने के लिए अनुसंशा की जाएगी:-अशोक कुमार सिंह, SP अररिया

अररिया/धर्मेन्द्र सिंह, रानीगंज में हुए सीएसपी संचालक लूट कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने दो अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन कर विस्तृत जानकारी दी। SP अररिया श्री अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बीते 24 जनवरी को रानीगंज थाना क्षेत्र के परिहारी में सीएसपी संचालक अंकित कुमार सिंह से अपराधियों ने तीन लाख 94 हजार रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस लूट की घटना में संलिप्त अपराधियों के धड़पकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। एसपी श्री सिंह ने बताया कि इस कांड के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ अररिया और फारबिसगंज के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। ये टीम लगातार क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार 29 जनवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रानीगंज थाना क्षेत्र के बगुलाहा नहर के पास तीन लोग बिना नंबर की पल्सर बाइक से घूम रहे हैं। तभी गश्ती वाहन से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तभी बगुलाहा नहर से आगे बढ़ते हुए टीम मेघु टोला नहर के पास पहुंची तो सामने से एक पल्सर बाइक पर तीन युवक सवार नजर आए। बाईक पर सवार तीनों युवक पुलिस वाहन को सामने से आते देखकर बाइक छोड़कर भागने लगे। तभी पुलिस पदाधिकारी और जवान ने खदेड़ कर दो युवक को धर दबोचा जबकि तीसरा युवक भागने में सफल हो गया। पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो एक ने अपना नाम रोबिन यादव, पिता-सेमानंद यादव सा०-बेलसारा वार्ड नं-07 थाना रानीगंज बताया। जबकि दूसरे ने अपना नाम आशीष कुमार उर्फ दिलखुश यादव, पिता-राजकुमार यादव सा०-कविलासा वार्ड नं 12 थाना रानीगंज बताया। पुलिस को तलाशी के दौरान रोबिन यादव के पास से लोडेड देशी कट्टा सहित 04 पीस जिंदा कारतूस मिला। जबकि दिलखुश यादव के पास से 08 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही पुलिस ने एक बिना नंबर की बाइक और 04 मोबाइल जब्त किया। एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि ठंड और अधिक कोहरे के कारण तीसरा अपराधी भागने में सफल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को तीसरे अपराधी का सभी कुछ पता है। जल्द ही तीसरे को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अधिक जानकारी इकट्ठा हो सके।

पूर्व से कई मामलों में वांछित है रोबिन

एसपी श्री अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी रोबिन यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। कई कांडों में वो वांछित है। उन्होंने बताया कि रोबिन यादव के विरुद्ध रानीगंज थाना में पूर्व से 08 कांड दर्ज है। जिनमें कांड संख्या 135/2018, कांड संख्या 14/19 कांड संख्या 16/19 कांड संख्या 115/21, कांड संख्या 121/21, कांड संख्या 130/21, कांड संख्या 135/21 कांड संख्या 20/22 दर्ज है। जबकि रोबिन यादव के विरुद्ध कटिहार जिले के आजमनगर थाना में 126/2021 में विभिन धाराओं के तहत मामला दर्ज है। एसपी श्री सिंह ने बताया कि वहीं गिरफ्तार दिलखुश यादव के विरुद्ध दर्ज मामलों की जानकारी पूर्णियां जिले से भी ली जा रही है। एसपी श्री सिंह ने बताया कि इस कांड को लेकर टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारियों को सम्मानित करने के लिए अनुसंशा की जाएगी। जिनमें एसडीपीओ पुष्कर कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ रामपुकार सिंह, थाना अध्यक्ष रानीगंज कौशल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार व विकास पासवान, सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक रूबी कुमारी और पुलिस जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button