District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

किशनगंज, 22 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को किशनगंज सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पर्व को लेकर जुलूस, सुरक्षा, साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से निकालने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।

बैठक में पर्व को देखते हुए शहर में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। जुलूस के मार्गों और प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय पर जोर दिया गया।

एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखेगी।

सदर अंचल के सीओ राहुल कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राम बालेश्वर राय और सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने भी स्थानीय लोगों से संवाद किया। अधिकारियों ने लोगों से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, अफवाहों से बचने तथा पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में उपस्थित लोगों ने पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Back to top button