District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मुहर्रम को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस, 350 अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती; सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

किशनगंज, 23 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, नशा और स्मैक के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ाने की मांग उठाई। सदस्यों ने जुलूस मार्गों पर वाहन परिचालन नियंत्रित करने, महिला पुलिस बल की तैनाती, एम्बुलेंस एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पर्व की सफलता प्रशासन और आम लोगों के संयुक्त सहयोग से ही संभव है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

एसपी ने बताया कि मुहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। जिले को लगभग 350 अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जुगाड़ गाड़ियों और टोटो के परिचालन को नियंत्रित करने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी जुलूस निर्धारित शर्तों एवं नियमों के अनुरूप ही निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने सभी जुलूस समितियों को स्वयंसेवकों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया तथा लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06456-225152 पर संपर्क किया जा सकता है। मुहर्रम के दौरान नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button