ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

पटना-डीएम ने की जाति आधारित गणना की तैयारियों की समीक्षा…

त्रिलोकी नाथ प्रसाद –पटना, मंगलवार दिनांक 18.10.2022ः जिला पदाधिकारी, पटना-सह-नोडल पदाधिकारी, जाति आधारित गणना, 2022-सह-प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में बिहार जाति-आधारित गणना, 2022 की तैयारी से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गई। सभी कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारियों तथा नोडल पदाधिकारियों के साथ अद्यतन प्रगति का जायजा लिया गया। डीएम डॉ. सिंह ने कहा की जाति आधारित गणना का कार्य आने वाले समय में शुरू किया जाना है। इसके सुचारू रूप से संचालन हेतु 11 कोषांगों का गठन किया गया है। सभी वरीय नोडल पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी अपने-अपने कोषांगों का नियमित तौर पर बैठक कर निदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएँ।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार के निदेश के आलोक में जातियों से संबंधित वास्तविक आँकड़े प्राप्त करने के उद्देश्य से बिहार में निवास करने वाली सभी जातियों की गणना का कार्य किया जाना है। यह गणना वार्डवार(शहरी एवं ग्रामीण) की जाएगी। इस गणना से प्राप्त आँकड़ों का भविष्य में व्यापक उपयोग किया जाना है।

पंचायत/शहरी निकायों के वार्डों को गणना हेतु प्रारंभिक इकाई (गणना ब्लॉक) माना गया है अर्थात् वार्ड को गणना ब्लॉक के रूप में घोषित किया गया है। अगर किसी वार्ड की जनसंख्या 700 से अधिक है तो वैसी स्थिति में उपगणना ब्लॉक का निर्माण किया गया है। जनसंख्या में वार्षिक या दशकीय वृद्धि दर के आधार पर वर्तमान जनसंख्या का आकलन कर गणना ब्लॉक का गठन किया गया है। पटना जिला अंतर्गत कुल 45 चार्ज (23 प्रखण्ड, 11 नगर परिषद, 05 नगर पंचायत तथा पटना नगर निगम के 06 अंचल) में 4,613 वार्ड है। शहरी एवं ग्रामीण चार्जाें को मिलाकर गणना खण्डों/गणना उप खण्डों की कुल संख्या 12,696 है। एक प्रगणक को सामान्यतः एक ही गणना ब्लॉक/उप गणना ब्लॉक में लगाया जाना है। प्रत्येक छः प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जानी है। इस प्रकार प्रगणकों की संख्या 12,696 तथा पर्यवेक्षकों की संख्या 2,116 रहेगी। पर्यवेक्षक हेतु प्रगणक से उच्च स्तर के कर्मी को नियुक्त करना है। इन सभी की नियुक्ति चार्ज अधिकारी द्वारा की जाएगी।

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना श्री महेश प्रसाद द्वारा गणना के संबंध में विभिन्न तथ्यों को जिला पदाधिकारी के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई कुल 204 जातियों की सूची के सत्यापन का कार्य पटना जिलान्तर्गत सभी चार्जों से किया जा चुका है। आँकड़ों का संग्रहण डिजिटल मोड में प्रस्तावित है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारियों तथा प्रशासी पदाधिकारी को चार्ज अधिकारी बनाया गया है। चार्ज स्तर पर कोषांगों का गठन प्रक्रियाधीन है।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा है कि गणना में संलग्न हर एक पदाधिकारी एवं कर्मी को कार्य योजना तथा कैलेण्डर के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा। जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर तक सभी सुप्रशिक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी तथा आईटी मैनेजर जिला-स्तरीय मास्टर ट्रेनर दल में शामिल रहेंगे। प्रखण्ड स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों में प्रखंड साख्यिकी पदाधिकारी, आईटी सहायक इत्यादि संलग्न रहेंगे।

डीएम डॉ. सिंह ने सभी पदाधिकारियों को प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा चार्ज-स्तरीय गणना कोषांगों का गठन प्रावधानों के आलोक में तुरत सम्पन्न कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी अन्य कार्यों के अलावा अपने-अपने प्रखण्डों के अंतर्गत जाति आधारित गणना के कार्य का भी अनुश्रवण करेंगे।

गौरतलब है कि जिला पदाधिकारी, पटना-सह-नोडल पदाधिकारी, जाति आधारित गणना, 2022-सह-प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा बिहार जाति आधारित गणना, 2022 के पर्यवेक्षण एवं सफल संचालन हेतु पूर्व में जिला स्तर पर 11 कोषांगों का गठन किया गया था। सभी कोषांगों में वरीय नोडल पदाधिकारी एवं नोडल/प्रभारी पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त करते हुए उनके दायित्वों का भी निर्धारण किया गया है। कोषांगों से अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्बद्ध किया गया है। गठित कोषांगों एवं इसके वरीय नोडल पदाधिकारी का विवरण निम्नवत हैः-

1. अनुश्रवण कोषांग- उप विकास आयुक्त, पटना

2. आईटी कोषांग- जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, पटना

3. मीडिया कोषांग- जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, पटना

4. विधि-व्यवस्था कोषांग- अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पटना

5. कार्मिक कोषांग- स्थापना उप समाहर्ता, पटना

6. प्रशिक्षण कोषांग- अपर जिला दंडाधिकारी, आपदा प्रबंधन, पटना

7. सामग्री वितरण/वापसी कोषांग- अपर जिला दंडाधिकारी, आपूर्ति, पटना

8. प्रिटिंग कोषांग- अपर जिला दंडाधिकारी अनुभाजन, पटना

9. गणना किट प्रबंधन कोषांग- अपर जिला दंडाधिकारी आपूर्ति, पटना

10. वित्तीय प्रबंधन कोषांग- नजारत उप समाहर्ता, पटना

11. प्रचार-प्रसार कोषांग- जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पटना एवं जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, पटना

डीएम डॉ. सिंह ने सभी पदाधिकारियों को अन्तर्काेषांगीय समन्वय स्थापित कर निदेशों के अनुरूप जाति आधारित गणना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है। अनुश्रवण कोषांग द्वारा प्रबंधन, नियंत्रण एवं अनुश्रवण किया जाएगा ताकि गणना कार्य त्रुटिहीन ढंग से ससमय सम्पन्न हो। आईटी कोषांग द्वारा पोर्टल एवं ऐप के माध्यम से गणना कार्य का पर्यवेक्षण किया जाएगा तथा तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कार्मिक कोषांग द्वारा कर्मियों की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आकलन कर गणना कार्य हेतु नियुक्ति की जाएगी। प्रिन्टिंग कोषांग द्वारा विभिन्न प्रपत्रों की प्रिन्टिंग करायी जाएगी।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि जाति आधारित गणना के सफल क्रियान्वयन हेतु वृहत स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी -सह- अपर प्रधान गणना पदाधिकारी,पटना को गणना कार्य का निदेशों के अनुरूप संचालन हेतु सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

डीएम डॉ. सिंह ने कार्य योजना के अनुसार प्रदत्त दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निदेश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button