किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, नवोदय विद्यालय समिति, पटना संभाग द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय मोतिहारा, किशनगंज में 3 दिवसीय रीजनल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन दिनांक 9 सितंबर से 11 सितंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस को इसका विधिवत उद्घाटन डीएम श्रीकांत शास्त्री के द्वारा किया गया। इस स्पोर्ट्स मीट में कुल 82 विद्यालयों के 9 क्लस्टर से लगभग 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है। इस खेल कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम श्रीकांत शास्त्री ने करते हुए छात्रों के मनोबल को बढ़ाने हेतु उत्साहवर्धन व उन्हें अपने भविष्य के प्रति प्रेरित किया।
विदित हो कि छात्रों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए खेल जेएनवी समेत सभी विद्यालयों का एक महत्वपूर्ण घटक रहा है। डीएम ने उद्घाटन के मौके पर कहा कि स्कूलों में खेल और खेल का महत्व केवल शारीरिक गतिविधि के लाभ से कहीं अधिक है। यह न केवल अकादमिक प्रदर्शन में सुधार करने में मदद करता है बल्कि नेतृत्व, टीम वर्क कौशल और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए भी एक शक्तिशाली उपकरण है। विद्यालय प्रभारी, मनोज कुमार ने डीएम का स्वागत किया व वरिष्ठ शिक्षक अजीत कुमार सिंह ने डीएम द्वारा आमंत्रण स्वीकार करने व अपना कीमती समय हमारे विद्यालय को देने के लिए धन्यवाद ज्ञापन दिया।
एथलेटिक्स मीट का संचालन पूर्व खेल शिक्षक अनिल कुमार सिंह तथा खेल शिक्षिका कल्पना सिंह की निर्देशन में हो रहा है। मुख्य निर्णायक के रूप में टाटा जमशेदपुर से सिकंदर महतो व उनके 10 ऑफिशियल सहकर्मी रहे। डीएम द्वारा जीते गए प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किया गया। इनमें अंडर-19 के 5000 मीटर (पुरुष) की दौड़ में प्रथम स्थान ऋतिक रोशन (जेएनवी हजारीबाग, राँची बी), द्वितीय स्थान सुनील कुमार (जेएनवी सहरसा, कटिहार ए) व तृतीय स्थान पर करण राज व संतोष देव (जेएनवी जेठीयान, जेएनवी पटना,पटना ए, बी) के रहे। अंडर-19 के 5000 मीटर (महिला) दौड़ में प्रथम स्थान पर लक्ष्मी कुमारी (जेएनवी कोडरमा, रांची बी) द्वितीय स्थान पर प्रीति पायल (जेएनवी छात्रा, रांची ए)व तृतीय स्थान पर आकांक्षा कुमारी (जेएनवी भागलपुर,कटिहार ए) तथा गुंजा कुमारी (जेएनवी ईस्ट चम्पारण, पटना ए) रही। अंडर-17 पुरुष 3000 मीटर की दौड़ में गामा भेंगरा (जेएनवी राँची, रांची ए) प्रथम स्थान पर रहे,संदीप मुर्मू (जेएनवी पाकुर-1, रांची बी) द्वितीय स्थान पर व अभिषेक राज (जेएनवी नवादा पटना बी) तथा रोहित कुमार खाका (जेएनवी पूर्णिया, कटिहार ए) तृतीय स्थान पर रहे। महिला 3000 मीटर की दौड़ में सुमिता प्रिया (जेएनवी सुपौल, कटिहार ए) प्रथम स्थान पर, नीतू कुमारी (जेएनवी छात्रा,राँची ए) स्थान पर व अंशू कुमारी (जेएनवी कोडरमा, राँची बी) तथा प्रतिमा कुमारी (जेएनवी अरवल, कटिहार बी ) तृतीय स्थान पर रहे।
