प्रमुख खबरें

तीन दिवसीय बिहार दिवस के दूसरे दिन पटना के आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में हिन्दी फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ का प्रदर्शन किया गया। इस खास फिल्म स्क्रीनिंग का छात्र-छात्राओं के साथ आम जनता ने आनंद लिया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।इस फिल्म को नेशनल फिल्म अवार्ड सहित कई राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं।

बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने कहा कि फिल्में हमें हमारी कला एवं संस्कृति से परिचय करवाती हैं। उन्होंने कहा कि लीक से हटकर बनी फिल्में भले ही देर से दर्शकों तक पहुंचे, लेकिन ऐसी फिल्में साबित करती हैं कि जनता के सरोकारों से जुड़ी फिल्मों को उनका प्यार जरूर मिलता है। उन्होंने कहा कि बिहार फिल्म निगम आम जनता को राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित फिल्मों से रू-ब-रू कराने के लिए ‘कॉफी विथ फिल्म’ सहित कई आयोजन नियमित करती है, लेकिन बिहार दिवस पर खास तौर पर इस फिल्म शो की स्क्रीनिंग की गई है। गौरतलब हो कि फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ बनने के दो साल बाद साल 2014 में रिलीज हो पाई थी।

श्रीमती रूबी ने कहा कि फिल्म निर्माण से जुड़ा कोई भी व्यक्ति बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट www.film.bihar.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकता है। इससे बिहार में फिल्म की शूटिंग करने वाले फिल्म निर्माताओं को स्थानीय स्तर पर मानव संसाधन मिलने में आसानी होगी और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से भी वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करने की अपील की है।

बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म सलाहकार अरविंद रंजन दास ने कहा कि फिल्म उस दर्शन को नए सिरे से आबाद करती है कि भारत और पाकिस्तान, दोनों मुल्क विरासत और इतिहास साझा करते हैं और एक ही लोक-संस्कृति की जमीन पर खड़े हैं, कथित धर्मांधता या उग्र राष्ट्रवाद की दीवार दोनों देशों के बीच फासले पैदा नहीं कर सकती हैं।

फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ को 17वीं बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और मुंबई फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों से खूब वाहवाही मिली। वहीं, इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ केरल में इसे बेस्ट डेब्यूट के लिए ‘सिल्वर क्रो’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस फिल्म को 24वें पाल्म स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, 23वें ट्रॉमसो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, 36वें गोटेबर्ग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और पांचवें जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था, जहां इसकी खूब प्रशंसा हुई।

फिल्म के निर्देशक और लेखक नितिन कक्कड़ हैं। फिल्म में शारिब हाशमी, इनामुल हक, कुमुद मिश्रा, गोपाल दत्त मुख्य भूमिका में हैं। श्याम श्रॉफ, बालकृष्ण श्रॉफ, सुभाष चौधरी और शैला टन्ना फिल्म के निर्माता हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!