प्रमुख खबरें

*बिहार दिवस 2026 के अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर के कर कमलों से हुआ विभागीय स्टॉल का उद्घाटन*

*बिहार दिवस 2026 : गांधी मैदान में कौशल विकास की झलक, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार दिवस 2026 के भव्य राजकीय समारोह के अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विभागीय स्टॉल का विधिवत दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर उद्घाटन माननीय मंत्री श्री संजय सिंह (टाइगर) एवं विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर के कर कमलों से किया गया। इस अवसर पर बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह एवं मिशन निदेशक श्री मनीष शंकर सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

विभागीय स्टॉल पर युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं रोजगार से जुड़ी पहल की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। यह पहल प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिस वजह से यह स्टॉल समारोह का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है, जहां बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक पहुंचकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं।

विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, आधुनिक एआई (Artificial Intelligence) तकनीक, तथा टाटा टेक द्वारा प्रस्तुत रोबोटिक्स मॉडल लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं। आगंतुकों को यह बताया जा रहा है कि किस प्रकार नई तकनीकों के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार कर सकें। स्टॉल पर युवाओं के लिए करियर से जुड़ी जानकारी, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम और रोजगार के अवसरों से संबंधित परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता भी युवाओं के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं, तकनीक और कौशल विकास से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। विजेताओं को सम्मानित भी किया जा रहा है, जिससे युवाओं में सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

उद्घाटन के दौरान सचिव डॉ. कौशल किशोर ने प्रदेशवासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग राज्य के युवाओं और महिलाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने कौशल के दम पर सफलता हासिल कर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि तकनीकी बदलाव के इस दौर में एआई, रोबोटिक्स और डिजिटल स्किल्स का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। विभाग इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है। इससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। कौशल ही भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण के जरिए बिहार के युवा आत्मनिर्भर बनकर राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मौके पर बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हेमंत कुमार सिंह, मिशन निदेशक श्री मनीष शंकर, ……… समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!