किशनगंज : एसपी के निर्देश पर जिले के 13 थानों में हुई महिला हेल्प डेस्क की विधिवत शुरूआत।

महिलाएं अब महिला पुलिस के पास भी दर्ज करवा सकेंगी शिकायत।
किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, जिले के 13 थानों में रविवार से महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। महिलाओं से संबंधित अपराधों को दर्ज करने हेतु थानों में महिला हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। अब महिलाएं महिला पुलिस कर्मी के पास भी किसी प्रकार की शिकायतें दर्ज करवा सकेंगी। एसपी डॉ इनाम उल हक मेगनु के निर्देश पर जिले के 13 थानों में महिला हेल्प डेस्क की विधिवत शुरुआत कर दी गई। इस हेल्प डेस्क में महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ महिला सिपाही की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है, जो थाना में आने वाले पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनेंगे एवं उनके बयान पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई भी की जायेगी। इस अवसर पर सदर थाना में मौजूद मुख्यालय डीएसपी अजित प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि महिलाएं बिना झिझक के थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। फिलहाल 13 थानों में यह सुविधा बहाल की गई है। आगे अन्य थानों में भी यह सुविधा बहाल होगी। इस अवसर पर सदर थानाध्यक्ष सुमन कुमार सिंह, अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अवर निरीक्षक कुणाल कुमार, अवर निरीक्षक पूनम कुमारी, अवर निरीक्षक मासूम कुमारी आदि मौजूद थी। थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क एवं उनमें शामिल पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों में बहादुरगंज थाना में प्रतिनियुक्त प्रभारी पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक पुष्पा कुमारी व कांस्टेबल आरती कुमारी, शमा प्रवीण, ठाकुरगंज थाना में पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक पूजा कुमारी, कांस्टेबल प्रीति कुमारी, गुड़िया कुमारी, कोचाधामन थाना में पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक सीमा कुमारी व कांस्टेबल सीमा कुमारी, पूनम कुमारी, सदर थाना में पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक रूपाली कुमारी, कांस्टेबल सपना राज, अनिता कुमारी, पोठिया थाना में पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक पूजा कुमारी (अतिरिक्त प्रभार), कांस्टेबल रूबी कुमारी, पलक कुमारी, टेढ़ागाछ थाना में पुलिस पदाधिकारी अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी (अतिरिक्त प्रभार), कांस्टेबल पूनम कुमारी, चाँदनी कुमारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।