*एनडीए का 20 साल विनाश काल: कांग्रेस*

मुकेश कुमार/प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में एनडीए के 20 साल विनाश काल विषय पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने अपने संबोधन में सभी आगत बारिश नेताओं का स्वागत किया और उन्होंने बिहार के एनडीए शासन के 20 साल को विनाश काल बताते हुए संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत की।
इस संवाददाता सम्मेलन को मुख्य रूप से राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी के महासचिव जयराम रमेश, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पश्चिम बंगाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने क्रमशः संबोधित किया।
संबोधन में वरिष्ठ नेताओं ने क्रमशः मुद्दे उठाएं।
1. पलायन को मज़बूर, मालिक बने मज़दूर:
बिहार में 20 सालों में भाजपा–जेडीयू राज ने संसाधनों की लूट की और नागरिकों को गरीबी की आग में झोंक दिया। बिहार के जाति सर्वे में यह बात सामने आई कि 94 लाख परिवारों की मासिक आमदनी 6000 रु. से कम है, अर्थात लगभग 5 करोड़ लोग 40 रु. रोज पर जिंदा हैं, और 81 लाख परिवार 10000 रु. माह से कम कमाते हैं, अर्थात 4 करोड़ लोग 67 रु. रोज पर जिंदा हैं।
इसका परिणाम यह हुआ कि काम और शिक्षा न मिलने की वजह से बेतहाशा पलायन हुआ।
केंद्र सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर लगभग 3 करोड़ रजिस्टर्ड बिहार के मज़दूर हैं जो दूसरे प्रांतों में काम कर रहे हैं, और उनमें से 94% ने बताया है कि उनका परिवार 10000 रु. प्रतिमाह से कम कमाता है। केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया है कि अभी रजिस्ट्रेशन बाकी है और अनुमानतः यह संख्या 3 करोड़ 45 लाख होगी।
2. युवा बेरोज़गार, मिली लाठियों की मार:
बिहार में GER 17.1% है — अर्थात 18 से 23 साल के नौजवान, जिनकी आबादी 1 करोड़ 36 लाख है, में से सिर्फ़ 22.23 लाख अंडरग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहे हैं, क्योंकि बिहार में 1 लाख की आबादी पर सिर्फ़ 7 कॉलेज हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 30 कॉलेज प्रति लाख है।
स्कूलों की ड्रॉपआउट रेट भी भारत में सबसे ज़्यादा बिहार में है, इसलिए छात्र पलायन कर रहे हैं।
जब युवा आवाज़ उठाते हैं, तो उन पर लाठियाँ बरसाई जाती हैं।
3. भर्ती और प्रवेश परीक्षा का मोल लगाया, हर पेपर लीक कराया:
बिहार प्रवेश और भर्ती परीक्षा घोटालों का हब बन गया है। पिछले 7 सालों में 10 से ज़्यादा भर्ती और प्रवेश परीक्षा घोटाले हुए — पुलिस भर्ती, BPSC भर्ती, अमीन भर्ती, स्वास्थ्य विभाग CHO भर्ती, NEET, उत्पाद विभाग — युवाओं के भविष्य की बोली लगाई गई।
एक स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ कि पुलिस से पटवारी तक और बैंकिंग तक माफिया पेपर 10 से 80 लाख तक में बेच रहे हैं। इतना ही नहीं, BA से लेकर LLB तक की सभी प्रकार की डिग्रियाँ भी 1 से 5 लाख तक में बेची जा रही हैं।
4. अपराधी गिरा रहे गाज़ — बिहार में गोलियाँ उगलता गुंडा राज:
बिहार के चप्पे-चप्पे को अपराधियों ने लहूलुहान कर दिया है, सुबह की सारी सुर्खियाँ खून से सनी होती हैं। बलात्कार, अपहरण, हत्या — आम बात हो गई है।
पिछले 6 माह में बिहार के 11 बड़े उद्योगपतियों को घर में घुसकर गोली मारी गई है।
बिहार में हर रोज़ 8 हत्याएँ, 28 महिलाओं के अपहरण, 136 जघन्य अपराध हो रहे हैं।
भाजपा–नीतीश राज में कुल अपराध 323 प्रतिशत बढ़ गए हैं,
महिलाओं के अपहरण 1097 प्रतिशत,
हत्या के प्रयास 262 प्रतिशत,
और जघन्य अपराध 206 प्रतिशत बढ़ गए हैं।
बिहार में भाजपा–जेडीयू राज में 60 हज़ार से अधिक हत्याएँ हो चुकी हैं, और 5 लाख 50 हज़ार से अधिक जघन्य अपराध हुए हैं।
5. खर्चा पानी सरकार, बिहार में भ्रष्टाचार अपार:
बिहार में लूट की खुली छूट है। सत्ता में आते ही 1000 करोड़ का सृजन घोटाला किया गया।
भाजपा–जेडीयू राज में 10 विभागों में 70 हज़ार करोड़ से अधिक के गबन की आशंका कैग ने जताई है।
पोषण आहार घोटाला, मनरेगा घोटाला, नल-जल घोटाला, पीएम आवास घोटाला, स्मार्ट मीटर घोटाला, रिशु श्री टेंडर–ट्रांसफर–पोस्टिंग रैकेट — बिहार का हवा, पानी, ज़मीन, आसमान, पाताल सब बेच खाया गया।
एक अधिकारी और उसकी पत्नी ने रात भर करोड़ों के नोट जलाए, और पूरे मोहल्ले की नालियाँ चोक हो गईं।
एक मंत्री नकली दवाई घोटाले में राजस्थान की अदालत से सज़ा पा चुके हैं मगर पद पर हैं,
एक मंत्री फर्जी D.Litt डिग्री धारी है।
पिछले 3 साल में बिहार के 27 बड़े पुल भ्रष्टाचार में बह गए।
4200 लोकसेवकों पर भ्रष्टाचार के मुकदमे बरसों से चल रहे हैं।बिहार के अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, स्कूलों में बिजली नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं, किसानों को आमदनी नहीं, बेटियों को सुरक्षा नहीं।
अब पूरा बिहार चिल्ला रहा है — “घूसखोर, गद्दी छोड़!”
संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ शकील अहमद खान, विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी आगत अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया।
संवाददाता सम्मेलन का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने किया।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, कोषाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता विधायक प्रतिमा दास, डॉ स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, ज्ञान रंजन, सोशल मीडिया के चेयरमैन सौरभ सिंहा, असित नाथ तिवारी, शिशिर कौंडिल्य सहित अन्य नेतागण मौजूद रहें।