District Adminstrationकिशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : व्यवहार न्यायालय परिसर में 14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारी तेज

किशनगंज,20फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, व्यवहार न्यायालय परिसर, किशनगंज में आगामी 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के सचिव ओम शंकर की अध्यक्षता में अधिवक्ता संघ, जिला अधिवक्ता संघ एवं अभियोजन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव, जिला अभियोजन पदाधिकारी सहित अन्य अभियोजन पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई।

सचिव ओम शंकर ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अधिकाधिक मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने में सहयोग करें, ताकि वादकारियों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।

इसके अलावा 20 फरवरी को जिले के सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्देश दिया गया कि संबंधित विभाग अपने-अपने मामलों के पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नोटिस निर्गत करें तथा राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ज्ञात हो कि वर्ष 2026 की यह पहली राष्ट्रीय लोक अदालत होगी, जिसमें आपराधिक समझौता योग्य मामले, प्ली बार्गेनिंग, एनआई एक्ट की धारा 138 से संबंधित चेक बाउंस मामले, मनी रिकवरी, मोटर दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा एवं पेंशन मामले, राजस्व व अन्य सहायक मामले तथा किराया, निषेधाज्ञा एवं अन्य सिविल वादों का निपटारा किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर पूर्व में जिले के सभी थानाध्यक्षों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ भी बैठक आयोजित की जा चुकी है। प्रशासन ने आम लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाकर आपसी सहमति से मामलों का निष्पादन कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!