किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : आदिवासी सेंगेल अभियान के ज़िला अध्यक्ष मुंशी मुर्मू ने ज़िलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पारंपरिक आदिवासी स्वशासन व्यवस्था में सुधार और संवैधानीकरण की मांग

किशनगंज,26अगस्त(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आदिवासी सेंगेल अभियान के ज़िला अध्यक्ष मुंशी मुर्मू ने मंगलवार को ज़िलाधिकारी विशाल राज को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पारंपरिक आदिवासी स्वशासन व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए इसे लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक रूप देने की मांग की।

ज्ञापन में संताल सिविल रूल 1946 एवं संताल परगना रेगुलेशन एंड जस्टिस कानून 1893 का हवाला देते हुए मुंशी मुर्मू ने कहा कि वर्तमान में आदिवासी समाज में वंशवाद आधारित “मांझी बाबा” की परंपरा को समाप्त कर, महिला-पुरुषों की भागीदारी से वार्षिक लोकतांत्रिक चुनाव प्रणाली लागू की जाए।

उन्होंने यह भी मांग रखी कि सामाजिक और धार्मिक क्रियाकलापों में सुधार कर नशा सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और निर्मल जल से धार्मिक रीति-रिवाज़ संपन्न कराए जाएं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आदिवासी स्वशासन व्यवस्था में अभी तक संविधान और कानून की सीधी भागीदारी नहीं है, जिसके चलते डायन प्रथा, सामाजिक बहिष्कार, आर्थिक दंड, और न्यायिक भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं आज भी विद्यमान हैं। उन्होंने इसे मानवाधिकार और मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और इसे तत्काल समाप्त करने की अपील की।

मुंशी मुर्मू ने यह भी कहा कि गैर-आदिवासी या धर्मांतरित आदिवासियों को आदिवासी समाज में नेतृत्व का अधिकार नहीं दिया जाना चाहिए। समाज में संविधान, कानून और जनतंत्र को प्रभावी रूप से लागू किया जाना आवश्यक है।

इस अवसर पर मुन्ना मुर्मू, सरबन कुमार सोरेन, विनीता सोरेन समेत कई अभियान से जुड़े सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!