पूर्णियां : शिक्षक को गोली मारने के मामले का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
जमीन विवाद, पंचायती और गोली—एक साजिश की कहानी

पूर्णिया,24मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला अंतर्गत जानकीनगर थाना क्षेत्र में दिनांक 15 मई 2025 को चैनपुरा मध्य विद्यालय के शिक्षक जुनेद आलम पर हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता मो. इंजार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो अररिया जिला के भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरनगर टपरा, वार्ड नंबर 11 का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक जुनेद आलम को स्कूल जाते समय अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में जानकीनगर थाना में कांड संख्या 135/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रारंभिक बयान में शिक्षक ने यह बताया था कि पैसों की लूट के प्रयास में उन्हें गोली मारी गई।
घटना के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था, जिसमें जानकीनगर एवं चकमका ओपी के पदाधिकारी शामिल थे।
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि शिक्षक जुनेद आलम और मो. इंजार के बीच जमीन विवाद को लेकर तनातनी चल रही थी। शिक्षक पर आरोप है कि उन्होंने पंचायती में मो. इंजार से पक्ष में फैसला देने के लिए दो लाख रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर मो. असलम से झूठा मुकदमा करवा दिया गया। इसी से आहत होकर मो. इंजार ने अपने चचेरे भाई मो. मकतुब के साथ मिलकर साजिश रची और पेशेवर शूटर के जरिए हमला करवाया।
पुलिस के अनुसार, मो. इंजार ने हमले के बदले एक लाख रुपये देने की बात की थी, जिसमें से 37 हजार रुपये उसने अग्रिम रूप से फोन पे के माध्यम से भेजा था। इसके सबूत पुलिस को अभियुक्त के मोबाइल और मैसेज में मिले हैं। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की टीम अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- मो. इंजार, पिता हदीस, साकिन वीरनगर टपरा, वार्ड नं. 11, थाना भरगामा, जिला अररिया
अपराधिक इतिहास
- भरगामा थाना कांड संख्या 21/25, दिनांक 19.01.2025, विभिन्न धाराओं में दर्ज
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
- सुबोध कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बनमनखी
- पु.अ.नि. राजाराम, जानकीनगर थाना
- पु.अ.नि. प्रिंस कुमार, चकमका ओपी
- पु.अ.नि. मेघनाथ उरांव, जानकीनगर थाना
- सि. 1041 संतोष कुमार, जानकीनगर थाना
- सि. 680 उमेश कुमार, जानकीनगर थाना
पुलिस के मुताबिक जल्द ही अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी संभव है।