किशनगंज रेलवे स्टेशन पर सितारा योजना को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकार, पुनर्वास और न्याय तक पहुंच पर दी गई जानकारी

किशनगंज,21सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), किशनगंज द्वारा रविवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से “उभयलिंगी व्यक्तियों का एकीकरण, पुनर्वास एवं न्याय तक पहुंच योजना 2023” (जिसे सितारा योजना, 2023 कहा जाता है) पर केंद्रित था।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता महादेव प्रसाद दिनकर एवं पैरा विधिक स्वयंसेवक राजेश कुमार शर्मा ने उपस्थित उभयलिंगी समुदाय के सदस्यों को कानूनी अधिकार, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सरकारी सहायता तक पहुंच के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
क्या है सितारा योजना, 2023?
पैनल अधिवक्ता महादेव प्रसाद दिनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि सितारा योजना का उद्देश्य है उभयलिंगी व्यक्तियों को बुनियादी अधिकारों और सरकारी लाभों तक पहुंच सुनिश्चित करना। राज्य, जिला और उप-मंडल स्तर पर विधिक सहायता एवं सेवाओं को सशक्त करना। विधिक सहायता केंद्रों, विधिक साक्षरता क्लबों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से समुदाय में जागरूकता फैलाना। सभी संबंधित केंद्रीय/राज्य योजनाओं, नीतियों, नियमों एवं रिपोर्टों का डेटाबेस तैयार करना। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर उभयलिंगी व्यक्तियों के कल्याण के लिए प्रभावी कार्य करना।
कार्यक्रम में कई उभयलिंगी व्यक्तियों ने भाग लिया और उन्होंने इस प्रकार की पहल को सराहा। वक्ताओं ने बताया कि यह योजना ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर हफ्ते विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन कर कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए।