District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : तीन गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों को सदर अस्पताल से आईजीआईएमएस पटना किया गया रेफर

किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) जिले में गंभीर एवं जन्मजात बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है। समय पर जांच, पहचान और उच्च चिकित्सा संस्थानों से समन्वय के माध्यम से बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को आरबीएसके के तहत तीन बच्चों को सदर अस्पताल किशनगंज से आईजीआईएमएस, पटना के लिए रेफर किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग की जाती है। जांच में गंभीर अथवा जन्मजात बीमारी की पुष्टि होने पर उन्हें राज्य के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क इलाज हेतु भेजा जाता है। आज सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बच्चों को सुरक्षित रूप से पटना रवाना किया गया।

आरबीएसके के तहत जिन तीन बच्चों को उन्नत उपचार के लिए रेफर किया गया, उनमें आकाश मरांडी (उम्र 9 माह), पिता—मुंशी मरांडी, निवासी—अंधवाकोला, किशनगंज प्रखंड, रोग—क्लैफ्ट लिप एंड पैलेट (होंठ व तालू का कटाव); मोहित आलम (उम्र 5 वर्ष), पिता—मतबुल रहमान, निवासी—माखन पोखर, पोठिया प्रखंड, रोग—जन्मजात हृदय रोग तथा इंटरा बेगम (उम्र 6 वर्ष), पिता—मो. अनायत, निवासी—गेवराटोली, पोठिया प्रखंड, रोग—जन्मजात हृदय रोग शामिल हैं।

बच्चों के रेफरल की पूरी प्रक्रिया स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के समन्वय से संपन्न की गई। यात्रा व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेज एवं परिजनों को मार्गदर्शन देने का कार्य आरबीएसके टीम द्वारा किया गया, जिससे परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान भेजे जाने से परिजनों में संतोष और उम्मीद का माहौल देखा गया। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि आरबीएसके के तहत जिले में बच्चों की लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है। गंभीर एवं जन्मजात रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर रेफर कर उच्चस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। आईजीआईएमएस, पटना में बच्चों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा।

वहीं जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरबीएसके जैसी योजनाएं गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि इलाज की पूरी प्रक्रिया में परिजनों को हरसंभव सहयोग मिले।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!