किशनगंज : शराब पीने व बेचने के आरोप में सात लोग गिरफ्तार, उत्पाद विभाग का रात्रि अभियान जारी
किशनगंज,25नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई तेज करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार देर रात विभिन्न चेक पोस्टों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुल सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पांच लोग शराब पीने के आरोप में तथा दो व्यक्ति शराब के साथ पकड़े गए।
अभियान रामपुर चेक पोस्ट, फरिंगगोला चेक पोस्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर एक साथ चलाया गया। कुछ आरोपी शराब पीकर बाइक से पश्चिम बंगाल की ओर से किशनगंज शहर में प्रवेश कर रहे थे, जिन्हें चेकिंग के दौरान दबोच लिया गया।
उत्पाद थानाध्यक्ष मनीष सक्सेना ने बताया कि शराब पीने और बेचने वालों के विरुद्ध लगातार जांच अभियान जारी है। इसी कड़ी में सोमवार रात यह कार्रवाई की गई। शराब के साथ पकड़े गए व्यक्तियों को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया और सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करी और सेवन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



