District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : ग्रामीण महिलाओं की आकांक्षाओं को मिल रही नई उड़ान

महिला संवाद वास्तव में ग्रामीण भारत की महिलाओं की नई सोच, उम्मीद और उन्नति का प्रतिबिंब बनकर उभरा है

किशनगंज,22मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभर रहा है। यह कार्यक्रम महिलाओं को अपनी आकांक्षाएं, सुझाव और समस्याएं सीधे तौर पर साझा करने का मंच प्रदान कर रहा है। संवाद के जरिए महिलाएं न सिर्फ जागरूक हो रही हैं, बल्कि वे विकास की योजनाओं में सक्रिय भागीदार भी बन रही हैं।

पोठिया प्रखंड के बुधरा पंचायत के मेहनत ग्राम संगठन की नूरी बेगम ने बताया कि स्कूलों में पोशाक, छात्रवृत्ति, साइकिल और मध्यान्ह भोजन जैसी योजनाओं से बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत हो रही है। उन्होंने हाई स्कूल के छात्रों को टैब उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा से जोड़कर उन्हें आधुनिक पद्धति से पढ़ने का अवसर मिलेगा। “शिक्षा से ही जीवन बेहतर होता है,” नूरी बेगम ने आत्मविश्वास से कहा।

वहीं बहादुरगंज प्रखंड की अलताबाड़ी पंचायत से आई महजबी बेगम ने महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण एवं कपड़ा उत्पादन केंद्र की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं सिलाई का हुनर सीखकर स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

कोचाधामन प्रखंड की महिलाओं ने अपने क्षेत्र में आई.टी.आई. प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की, ताकि युवाओं को तकनीकी शिक्षा देकर उन्हें रोजगार के अवसर दिए जा सकें।

दिघलबैंक प्रखंड के दहीभात पंचायत की नुसरत बेगम ने महिलाओं के लिए डिग्री कॉलेज की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा।

महिला संवाद कार्यक्रम में जागरूकता वाहन के माध्यम से वीडियो फिल्में दिखाकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैयारी की जाती है। उनकी आवाजों को लिखित व डिजिटल माध्यमों से दर्ज किया जा रहा है, जिससे नीतिगत निर्णयों में उनकी भागीदारी को शामिल किया जा सके।

यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को मुखरता और आत्मविश्वास के साथ आगे आने का अवसर दे रहा है। महिलाएं अब न सिर्फ अपने परिवार के लिए, बल्कि समाज और देश के विकास में भी अपनी भूमिका को लेकर सजग और संकल्पित नजर आ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!