किशनगंज : ऐतिहासिक खगड़ा मेला जनवरी माह में प्रारंभ होने की संभावना।

खगड़ा मेला आयोजन के लिए बंदोबस्त हेतु प्राप्त ऑफर के आधार पर खगड़ा मेला डाक सैरात की कार्रवाई पूर्ण।
- कोविड महामारी के बाद लगभग दो साल से बंद खगड़ा मेला इस वर्ष जनवरी माह में प्रारंभ होने की संभावना।
- बंदोबस्त की निर्धारित सुरक्षित राशि से अधिक राशि पर हुआ खगड़ा मेला की बंदोबस्ती, आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण।
किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी, (डीएम) श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार ऐतिहासिक खगड़ा मेला आयोजन की तैयारियां पूर्ण हो गई है। गौरतलब हो कि कोरोना महामारी के कारण पिछले दो वर्षो से किशनगंज का ऐतिहासिक खगड़ा मेला का आयोजन बंद था।
इस वर्ष मेला आयोजन हेतु पिछले दो माह से मेला बंदोबस्त हेतु डाक करवाया जा रहा था। परंतु, स्थानीय लोगो की रुचि नहीं होने के कारण पिछले माह से बंदोबस्त लंबित ही चला आ रहा था। पुनः 4 जनवरी को डाक हेतु तिथि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित की गई थी। खगड़ा मेला सैरात के संबंध में अपर समाहर्त्ता, (एडीएम) अनुज कुमार ने बताया कि खगड़ा मेला डाक के संबंध में मेला सैरात हेतु ₹1,01,78,650 सुरक्षित राशि निर्धारित की गई थी। इस निर्धारित राशि से ज्यादा राशि के साथ मेला बंदोबस्त के लिए ऑफर स्थानीय व्यक्ति के द्वारा समर्पित किया गया था।तदालोक में निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कर शर्तो के अधीन खगड़ा मेला सैरात बंदोबस्त स्थानीय व्यक्ति को प्राप्त हुआ है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में खगड़ा मेला आयोजन होने की प्रबल संभावना है।