किशनगंज : भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ, चेतना रथ को दिखाई गई हरी झंडी
आपदा के प्रति जागरूक व सुरक्षित समाज के निर्माण की पहल

किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) एवं आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा (15 से 28 जनवरी, 2026) का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में चेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), डीएम के विशेष कार्य पदाधिकारी चंदन कुमार तथा सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से चेतना रथ को रवाना किया।
भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित व्यवहार की जानकारी देना तथा आपदा से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करना है। चेतना रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को भूकंप के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देगा।
इस पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में ई-रिक्शा आधारित प्रचार वाहन, नुक्कड़ नाटक, पंपलेट और बैनर के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के सहयोग से मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा।
भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार के नेतृत्व में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इसके पूर्व एसडीआरएफ कैंप, महेश बथना में गृह रक्षावाहिनी को बाढ़ राहत एवं भूकंप सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण देने हेतु एसडीआरएफ टीम द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया था।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और एक सुरक्षित, सशक्त एवं आपदा-रोधी समाज के निर्माण में सहयोग दें। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों के अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मॉक ड्रिल एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित कराने का अनुरोध किया गया है।

