किशनगंज : जिला स्तरीय तरंग मेधा उत्सव प्रतियोगिता का 21 व 22 दिसंबर को होगा आयोजन।

विजेता प्रतिभागी प्रमंडलीय तरंग प्रतियोगिता में लेंगे भाग।किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना से प्राप्त दिशा निर्देश एवं जिला पदाधिकारी, श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव 2022 के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल संपादन हेतु आयोजन समिति की बैठक समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, रंजीत कुमार के द्वारा बताया गया की तरंग मेघा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में सर्वप्रथम प्रखंड स्तर पर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के 12, 14 एवं 17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के द्वारा प्रतिभागिता सुनिश्चित किया जाना है एवं प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को अहर्ता के आधार पर जिला स्तरीय खेल (तरंग) में भाग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि किशनगंज जिले के सभी प्रखंडों में तरंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है।प्रखंड से सूची प्राप्त होने पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराया जाना है। प्रतियोगिता अंतर्गत एथलेटिक्स खेल विधा में 12 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में 60 मीटर की गति दौड़, 300 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं लेदर ड्यूस बॉल थ्रो प्रतियोगिता, 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए एक सौ मीटर गति दौड़, 800 मीटर दौड़, बॉल थ्रो, लंबी कूद एवं 17 वर्ष के आयु वर्ग के बालक बालिकाओं के लिए एक सौ मीटर गति दौड़, 800 मीटर दौड़ एवं हाई जंप इत्यादि निर्धारित है। इस प्रतियोगिता अंतर्गत दलीय खेल विधा फुटबॉल, कबड्डी और खो खो में अंडर 17 बालक/बालिका वर्ग में जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। तत्पश्चात प्रमंडल स्तरीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता/चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि डीएम श्रीकांत शास्त्री के निदेशानुसार 21 एवम 22 दिसंबर को जिला स्तरीय तरंग मेघा उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में जिला स्तरीय आयोजन हेतु खगड़ा स्टेडियम का चयन किया गया। बैठक में डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागियों की सूची जिला खेल कार्यालय को अविलंब उपलब्ध करवा दें। इस बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडलाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी रंजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुभाष गुप्ता, डीपीओ (समग्र शिक्षा), शारीरिक शिक्षक, खेल संघ के प्रतिनिधि एवम आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।