District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 77वें गणतंत्र दिवस पर आयुक्त ने किया ध्वजारोहण, विकासात्मक उपलब्धियों का किया उल्लेख

किशनगंज,26जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर खगड़ा स्थित शहीद असफाकउल्लाह खां स्टेडियम में आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल राजेश कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर उन्हें सलामी गारद दी गई। ध्वजारोहण के पश्चात आयुक्त ने जिले की विकासात्मक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया तथा जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।समारोह में जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में आयुक्त ने कहा कि भारत 26 जनवरी 1950 को गणतंत्र बना और तब से देश ने सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य सरकार “न्याय के साथ विकास” के संकल्प के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जिले ने सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकारी अस्पतालों में जाँच एवं आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जून 2025 से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। जिले में लगभग 1.78 लाख पेंशनधारियों को दिसंबर 2025 तक भुगतान किया जा चुका है। वहीं 1 अगस्त 2025 से 125 यूनिट बिजली निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है तथा 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।कृषि क्षेत्र में 1 लाख 7 हजार 843 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है। फार्मर आईडी निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में बच्चों का टीकाकरण लगभग शत-प्रतिशत है। सदर अस्पताल में PPP मोड पर CT Scan, अल्ट्रासाउंड, डायलिसिस तथा सभी PHC में डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 6.50 लाख कार्ड निर्गत किए गए हैं, जिनमें से 34 हजार लाभुकों को निःशुल्क उपचार मिला है।आयुक्त ने किशनगंज जिले की सामरिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेना एवं सुरक्षा बलों की आधारभूत संरचना के विकास हेतु भूमि चिन्हित की जा रही है। रूईधासा में भारतीय सेना के लिए 18 एकड़ भूमि की घेराबंदी की गई है तथा सीमा क्षेत्र में कैंप स्थापना की प्रक्रिया जारी है। भूमि अधिग्रहण के बदले बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी दी गई।उन्होंने बताया कि सीमांचल के अन्य जिलों की तुलना में किशनगंज में अपराध दर कम है तथा डायल-112 सेवा प्रभावी रूप से संचालित है। शिक्षा एवं अल्पसंख्यक कल्याण के क्षेत्र में चार मदरसों का निर्माण प्रगति पर है तथा दो नए मदरसों का प्रस्ताव भेजा गया है। कोचाधामन में 560 बेड का अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आवासीय विज्ञान विद्यालय का निर्माण प्रस्तावित है।सात निश्चय योजना के अंतर्गत हर घर बिजली, जल एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। चार प्रखंडों में डिग्री कॉलेज तथा ठाकुरगंज में मेडिकल कॉलेज स्थापना हेतु प्रस्ताव भेजे गए हैं। औद्योगिक विकास के तहत डेरामारी में 200 एकड़ भूमि औद्योगिक हब के लिए चिन्हित की गई है।समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत झांकियों एवं परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। झांकी प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग प्रथम, जीविका द्वितीय एवं डीआरडीए तृतीय स्थान पर रहा। परेड में बीएसएफ को प्रथम, एसएसबी को द्वितीय एवं महिला पुलिस बटालियन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।इसके अलावा स्वच्छता, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, संस्कृति, मद्य निषेध, रेड क्रॉस, गुड सेमेरिटन योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।अंत में आयुक्त ने शहीदों को नमन करते हुए जिलेवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की और सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!