District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : मुख्यमंत्री ने किशनगंज की जीविका दीदियों को दी सौगात, सिलाई घर का किया शुभारंभ

किशनगंज,11मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली स्थित पावर सब स्टेशन परिसर में लगाए गए जीविका स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए कहा कि दीदियां बहुत अच्छा काम कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान जीविका दीदियों ने पोठिया स्थित टी प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग इकाई का मॉडल प्रस्तुत किया। महानंदा लीफ चायपत्ती के विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन में जीविका दीदियों की भूमिका की सराहना की। बताया गया कि जिले की जीविका दीदियां चाय की खेती और पत्तियों की तुड़ाई के साथ अब टी फैक्ट्री में चायपत्ती का उत्पादन भी कर रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किशनगंज सदर प्रखंड में संचालित “शगुन जीविका दीदी का सिलाई घर” का भी शुभारंभ किया। उन्होंने दीदियों को प्रतीकात्मक चाबी देकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस सिलाई केंद्र के माध्यम से लगभग 1400 जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। यहां आंगनबाड़ी केंद्रों और आवासीय विद्यालयों के बच्चों के लिए पोशाक तैयार किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी दीदियों ने भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। सदर प्रखंड की कृषि उद्यमी सुनीता दीदी ने उन्नत कृषि तकनीक और नर्सरी का मॉडल प्रस्तुत किया, जबकि टेढ़ागाछ प्रखंड की फूल कुमारी दीदी ने जूट से बने बिछावन और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई तथा मुख्यमंत्री को जूट से निर्मित मोमेंटो भेंट किया। वहीं सदर प्रखंड की असीना जीविका दीदी ने पारंपरिक तरीके से तैयार मसालों की प्रदर्शनी लगाई।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 13,375 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के तहत 2 अरब 42 करोड़ 64 लाख रुपये का डमी चेक प्रदान किया। इसके साथ ही 2,556 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार रुपये की राशि भी दी गई। सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 256 लाभार्थियों को 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये का डमी चेक प्रदान किया गया।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज के भोगडाबर स्थित पंचायत सरकार भवन में सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र का भी उद्घाटन किया और जीविका दीदियों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।इस अवसर पर हिमांशु शर्मा, अभिलाषा शर्मा परियोजना प्रबंधक बीमा मो. वारिस इकबाल, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा सहित जीविका के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!