किशनगंज : आदिवासी सेंगल अभियान का 15 जून को भारत बंद के आह्वान को ले अशोक सम्राट भवन में कार्यक्रम आयोजित

किशनगंज, 06 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आदिवासी सेंगल अभियान के द्वारा 15 जून को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसी के मद्देनजर मंगलवार को खगड़ा स्थित अशोक सम्राट भवन में आदिवासी सेंगल अभियान के द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सह आदिवासी सेंगल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सालखन मुर्मू, केंद्रीय संयोजक सुमित्रा मुर्मू, अभियान के ज़िलाध्यक्ष विश्वनाथ टुड्डू व अन्य आदिवासी नेता शामिल हुए।पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने कहा कि करो या मरो के तर्ज पर 15 जून को आदिवासी सेंगल अभियान देशभर में एक साथ भारत बंद का आयोजन करेगी। इसके अलावे 30 जून को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विश्व सरना धर्म कोड जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जिलों में जाकर बंद को सफल बनाने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत मे आदिवासियों को सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक आजादी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि भारत के 13 करोड़ आदिवासी को सरना धर्म के रूप में मान्यता क्यों नहीं मिली है। विभिन्न मांगों को लेकर 15 जून को भारत बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संथाली भाषा राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त बड़ी आदिवासी भाषा है। इसके बावजूद यह अभी तक झारखंड की राजभाषा नहीं है।