किशनगंज : जिला पर्यावरण समिति सहित चार टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक सम्पन्न
बायो–मेडिकल वेस्ट, प्लास्टिक उपयोग व पर्यावरण संरक्षण पर दिए गए सख्त निर्देश

किशनगंज,05जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), फॉरेस्ट टास्क फोर्स एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि किशनगंज शहर के चूड़ीपट्टी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी एवं नर्सिंग होम तथा बायो-मेडिकल वेस्ट के गलत निष्पादन के मामलों में पूर्व में की गई कार्रवाई की तर्ज पर जिले भर में नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बायो-मेडिकल कचरे के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के सभी निजी अस्पतालों में बायो-मेडिकल कचरे के समुचित निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रतिदिन कचरा उठाव की स्थिति की निगरानी करते हुए शहरी क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों की जांच कराई जाए और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 15 जनवरी तक सभी पुराने डस्टबिन बदले जाएंगे तथा चिन्हित 40 स्थानों पर नए डस्टबिन लगाए जाएंगे। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़कों पर बालू, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखने वालों पर अर्थदंड अधिरोपित किया जाए। साथ ही आगामी सरस्वती पूजा के दौरान प्रतिमाओं के विसर्जन को नियमानुसार संपन्न कराने हेतु माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
जंगली जानवरों से फसल क्षति के मामलों की समीक्षा के क्रम में यह सामने आया कि दिघलबैंक एवं ठाकुरगंज क्षेत्रों में जंगली हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया गया है। डीएम विशाल राज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों को देय सहायता राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, सिविल सर्जन, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन की सख्त प्रतिबद्धता दोहराई।



