राज्य

सेल के सीएमडी से मिल झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, सेल अस्पताल और मजदूर हितों से जुड़ी समस्याओं की सौंपी मांग पत्र

सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम )झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, मेघाहातुबुरु इकाई के महासचिव अफताब आलम के नेतृत्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा से उनके मेघाहातुबुरु खदान दौरे के दौरान मुलाकात की। इस अवसर पर यूनियन की ओर से भगवान बुद्ध की प्रतिमा एवं पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल में इंतखाब आलम, दयानंद कुमार, शहनाज, चंद्रकला पान, आनंद हेस्सा पूर्ति, अमित राउत सहित अन्य सदस्य शामिल थे। यूनियन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा। यूनियन ने मांग पत्र में किरीबुरू जनरल अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को सबसे गंभीर मुद्दा बताया। कहा गया कि डॉक्टरों की भारी कमी के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। अस्पताल में तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने तथा इलाज पर लागू दो लाख रुपये की सीमा समाप्त करने की मांग उठाई गई। साथ ही छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों के लिए आकस्मिक बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल रेफरल लेटर की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की भी मांग की गई। संघ ने ठेका मजदूरों को भी नियमित कर्मचारियों के समान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, वर्षों से बंद पड़ी अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन के लिए तकनीशियन की नियुक्ति, अस्पताल की लैब को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने तथा खदानों में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। महासचिव अफताब आलम ने कहा कि यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे मजदूरों और उनके परिवारों के हित से जुड़े हैं। उन्होंने सेल प्रबंधन से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि मजदूरों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button