राज्य

*जन सुराज पार्टी ने अंबेडकर जयंती पर पार्टी मुख्यालय में “अंबेडकर संगोष्ठी” का आयोजन किया, संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में न्यायमूर्ति राजेंद्र प्रसाद और प्रो. शिवजतन ठाकुर ने भाग लिया*

श्रुति मिश्रा/पटना। संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आज जन सुराज पार्टी द्वारा पार्टी मुख्यालय में “वर्तमान संदर्भ में अंबेडकर के विचारों की चुनौतियां” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता न्यायमूर्ति श्री राजेंद्र प्रसाद (सेवानिवृत्त) और पटना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शिवजतन ठाकुर थे। कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता आर. के. मिश्रा और एन. पी. मंडल ने दोनों अतिथियों का माल्यार्पण कर और अंबेडकर जी द्वारा लिखित पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मनोज भारती ने की।

संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, शरीर नहीं रहता लेकिन विचार नहीं मरते। आज हम डॉ. अंबेडकर की जयंती मना रहे हैं इसलिए जरूरी है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार शाश्वत हैं, उन्हें कोई चुनौती नहीं दे सकता, आज हम खुद चुनौती हैं। अंबेडकर जी के जीवन में संघर्ष जरूर था लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत से शिक्षा हासिल की और अपनी मेहनत से देश के कानून मंत्री और भारतीय संविधान के निर्माता बने। प्रो. शिवजतन ठाकुर ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि अंबेडकर ने संविधान में राजनीतिक समानता, आर्थिक समानता और सामाजिक समानता की परिकल्पना की थी, लेकिन संविधान के लागू होने के वर्षों बाद भी हमारे संविधान निर्माताओं का समाज नहीं बना है।

इसके साथ ही पार्टी अध्यक्ष मनोज भारती, पूर्व विधान परिषद सदस्य रामबली चंद्रवंशी, वरीय अधिवक्ता व पार्टी उपाध्यक्ष वाई.वी. गिरी आदि ने भी संगोष्ठी में अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन व मंच संचालन अनिल आर्य ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button