अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 मोटरसाइकिल बरामद, 4 गिरफ्तार

किशनगंज,15मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में चोरी की मोटरसाइकिलों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पहाड़कट्टा थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की छह मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान समीरुद्दीन निवासी धुलाबाड़ी, थाना पहाड़कट्टा के रूप में हुई। जब उससे वाहन के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को थाना लाकर उसके चेचिस और इंजन नंबर की जांच की, जिसमें पंजीकरण विवरण से अंतर पाया गया। जांच में यह मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ, मानवीय आसूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में समीरुद्दीन के अलावा गुलशाद आलम (दुमरवानमणि), अरफाज (छगलिया) और आरीफ (धुलाबाड़ी) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी कर विभिन्न स्थानों पर बेचने की बात स्वीकार की है।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों के स्वामित्व का सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जा सके।
इस संबंध में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 63/26, दिनांक 14 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5), 338, 336(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।

छापेमारी दल में अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज पंथ, पुलिस अवर निरीक्षक फुलेंद्र कुमार, महेश कुमार, मनोज रविदास, राज किशोर मंडल, सहायक अवर निरीक्षक राजेश दास, बिनीता देवी सहित डीआईयू किशनगंज और पहाड़कट्टा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!