ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी पटना डॉ चंद्रशेखर सिंह ने गरीब एवं असहाय व्यक्तियों के बीच कंबल का वितरण किया तथा उनका हालचाल जाना।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद इस क्रम में जिलाधिकारी ने पटना शहर के बेली रोड स्थित बिहार म्यूजियम ,सगुना मोड़, दीघा सहित कई स्थानों पर निराश्रित व्यक्तियों के बीच 45 कंबल का वितरण किया तथा लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर जल रहे अलाव की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।
विदित हो कि जिलाधिकारी द्वारा प्रदत्त निर्देश के अनुरूप सभी अंचलाधिकारी के स्तर से अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है । इस कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा की जा रही है। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा भी अपने अनुमंडलीय क्षेत्र में कंबल का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
विभिन्न अंचलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बिहटा बाढ़ अथमलगोला बख्तियारपुर संपतचक घोसवरी दानापुर मोकामा मसौढ़ी पालीगंज पुनपुन, पटना सदर, पटना सिटी आदि में ठंड से बचाव हेतु सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को भ्रमणशील रहने तथा ठंड से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन के तहत लोगों के बीच कंबल का वितरण करने एवं अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अपर समाहर्ता आपदा को इस कार्य की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है।