किशनगंज : दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

किशनगंज, 22 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला परिषद के मेची सभागार में शनिवार को सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, आपूर्ति, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा, नगर विकास, ग्रामीण विकास, उद्योग, परिवहन, विद्युत, सड़क, जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
स्वास्थ्य सेवा में सुधार पर जोर
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सिविल सर्जन को स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों का इलाज हर हाल में सुनिश्चित हो और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को दलालों से मुक्त रखा जाए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की आवश्यकता से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र भेजने को भी कहा।
मंत्री ने जिले में उर्वरक की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए रैक प्वाइंट हेतु स्थल चिह्नित करने को कहा। राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े म्यूटेशन, परिमार्जन और दाखिल-खारिज मामलों का त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया।
सड़क, स्कूल और बाढ़ सुरक्षा की समीक्षा
सांसद डॉ. जावेद आजाद ने जिले के भूमिहीन विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने तथा स्कूलों में शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कॉलेज, मदरसा और विद्यालय की जमीन से अतिक्रमण हटाने को भी कहा।
एनएचएआई की सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत, सर्विस रोड निर्माण, ड्रेन की सफाई और जलजमाव की समस्या दूर करने का निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र में जाम से निजात के लिए सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया।
बाढ़ नियंत्रण की समीक्षा में बाढ़ व अतिवृष्टि से सड़क एवं गांव कटाव रोकने के लिए प्रभावी उपाय तथा बाढ़ पूर्व तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। सड़क सुरक्षा को लेकर गुणवत्तापूर्ण हेलमेट की जांच बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को आसानी से ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, सरवर आलम, कमरुल होदा, जिला परिषद अध्यक्ष रुकिया बेगम, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, एसडीओ अनिकेत कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे। डीएम नवीन कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक सुझावों को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।



